रायपुर : उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास के संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर फिर से झूठ बोलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने भ्रम फैलाने की कोशिश की है. मैंने सीएम साय को लिखे पत्र में 10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण करने की बात लिखी थी.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि जब चर्चा का विषय होता है, तब भूपेश बघेल भाग नहीं लेते. उनका मामला राहुल गांधी की तरह ही है. टीएस सिंहदेव ने (पीएम आवास के संबंध में) पूर्व सीएम भूपेश बघेल को पत्र भी लिखा था. विभाग के सचिवों के अलावा केंद्रीय मंत्रियों ने भी पत्र लिखा था. पीएम आवास योजना (ग्रामीण), पीएम जनमन योजना के आवासों को भी जोड़ा गया है. नक्सलवाद से लड़ने के लिए भी कांग्रेस ने 2023 में नीति बनाई थी, वैसे ही सितंबर 2023 में पीएम आवास की स्वीकृति भी कांग्रेस ने दी थी.
नक्सलवाद पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसका रोल मॉडल हिडमा हो वो क्या नक्सलवाद खत्म करेंगे. जिनके दिमाग में नक्सल हो, वह क्या नक्सलवाद खत्म करेंगे. पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम ने अप्रत्यक्ष रूप से नक्सलियों को समर्थन दिया था. कांग्रेस ने 2023 में नक्सल की नीति बनाई थी. हकीकत यह है कि नक्सलवाद के मामले में कांग्रेस ने कोई काम नहीं किया. कांग्रेस बताए कि हिडमा उनका रोल मॉडल कैसे हो सकता है?
सौरभ चंद्राकर को लाया जाएगा यहां
वहीं सौरभ चंद्राकर की सुरक्षा के सवाल पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र की संस्थाएं काम कर रही हैं. उसे यहां लाया जाएगा, और जो भी दोषी होंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा. मामले में भूपेश बघेल के बहुत से लोगों के एक्पोज होने वाले बयान पर तंज कसते हुए गृहमंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल क्या चाहते है कि एक्पोज ना हो? चाहे कोई भी हो, इसमें जांच होगी. उन्हें धैर्य रखना चाहिए, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी.




