देवभोग : वनमंडलाधिकारी गरियाबंद के मार्गदर्शन एवं उपवनमंडलाधिकारी देवभोग के निर्देशानुसार वनपरिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) अंतर्गत वन विभाग की टीम ने सर्च वारंट के तहत कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से सागौन चिरान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को घुमरगुड़ा बीट के ग्राम कैंटपदर निवासी लालसिंह/परमानंद मांझी के नाम से जारी सर्च वारंट क्रमांक 88 दिनांक 30 अगस्त 2026 के तहत उनके परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सागौन चिरान के 11 नग, कुल 0.115 घन मीटर बरामद किया गया।
ये भी पढ़े :खेल अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है : सांसद विजय बघेल
इसी प्रकार ग्राम बरकानी निवासी जगतराम/गौरागों यादव के नाम से जारी सर्च वारंट क्रमांक 87 दिनांक 30 अगस्त 2026 के तहत तलाशी कार्रवाई की गई। इस दौरान सागौन चिरान के 10 नग, कुल 0.142 घन मीटर वनोपज बरामद किया गया।
वन विभाग द्वारा बरामद वनोपज को कब्जे में लेकर नियमानुसार विधिवत कार्रवाई की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वन उपज के संग्रहण एवं उपयोग करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
सर्च कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी छबीलाल ध्रुव, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी दिनेश चन्द्र पात्र, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी कविन्द्र मिश्रा (पेंड्रा), वन परिक्षेत्र मैनपुर के सर्च वारंट प्रभारी तथा देवभोग परिक्षेत्र के वन अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




