सक्ती में किसानों को बड़ी सौगात: चार नए धान खरीदी केंद्रों को मिली मंजूरी, डॉ. महंत के प्रयास रंग लाए

Spread the love

सक्ती : आगामी धान खरीदी सीजन को देखते हुए सक्ती विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विधानसभा क्षेत्र में किसानों को धान बेचने के दौरान होने वाली परेशानियों को देखते हुए चार नए धान खरीदी केंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पहल नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक डॉ. चरण दास महंत के प्रयासों के बाद साकार हुई है।

नागरिक आपूर्ति निगम, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विकासखंड सक्ती के ग्राम जेठा एवं परसदा खुर्द, विकासखंड बलौदा के कुरदा तथा विकासखंड बम्हनीडीह के दुरपा में नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे।

जिला कलेक्टर कार्यालय सक्ती के प्रतिनिधि गिरधर जायसवाल ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्रामीणों, किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. चरण दास महंत से मुलाकात कर धान खरीदी के दौरान आने वाली समस्याओं से अवगत कराया था। किसानों ने विशेष रूप से जेठा और परसदा खुर्द में नए धान खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग रखी थी।

ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए डॉ. चरण दास महंत ने 30 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल को पत्र भेजकर नए धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग की थी। इसके बाद विभाग ने 31 अगस्त 2026 को चार नए धान खरीदी केंद्रों को स्वीकृति प्रदान करते हुए आदेश जारी कर दिया।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: पोर्टफोलियो जजों की नई जिम्मेदारियां तय, जानिए किसे कौन-सा जिला

नए केंद्र खुलने से संबंधित गांवों और आसपास के किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च भी बचेगा तथा धान खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

इस निर्णय पर कांग्रेसजनों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत तथा नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया है।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष साधेश्वर गवेल ने जिलेभर के किसानों की ओर से डॉ. महंत और मंत्री दयाल दास बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि नए धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, शाश्वत धर दिवान, विधायक प्रतिनिधि डॉ. संतोष यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र जायसवाल, दीपक बरेठ, कुरदा सरपंच नरसिंह साहू, दुरपा सरपंच सपना चौहान, जनपद सदस्य सभापति सत्य प्रकाश महंत, हरदा ग्राम पंचायत सरपंच, परसदा खुर्द से फुलेश्वरी एवं रूपेश पटेल, जेठा जनपद सदस्य सुनीता श्रीवास, सरपंच सुशीला चंद्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गणेश राम चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *