सुकमा में विकास कार्यों पर कलेक्टर सख्त! योजनाओं को समय पर पूरा करने के दिए कड़े निर्देश

Spread the love

सुकमा :  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा  बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर की उपस्थिति में मंगलवार को आयोजित इस बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं और अभियानों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे।

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और स्वास्थ्य योजनाओं पर जोर

बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आमजन की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड तथा टीबी मुक्त पंचायत अभियान के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने की कार्ययोजना बनाई गई।अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बच्चों के जन्म के तुरंत बाद अस्पताल परिसर में ही जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाएं।

ये भी पढ़े :10 साल से लंबित प्रधान पाठक पदोन्नति पर बड़ा अपडेट, रायपुर पहुंचे सैकड़ों शिक्षक; एक सप्ताह में प्राविधिक सूची का आश्वासन

छात्रावासों में स्वच्छता, सुरक्षा और शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ाव

छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने कड़े निर्देश जारी किए। छात्रावासों में आरओ पेयजल, प्रत्येक बच्चे के लिए अलग गिलास, स्वच्छ भोजन, शौचालयों की नियमित सफाई और मच्छरों से बचाव के लिए नेट व मच्छरदानी की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही ‘कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे’ के संकल्प को दोहराते हुए शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) और अप्रवेशी बच्चों को चिन्हित कर ब्रिज कोर्स के जरिए मुख्यधारा में लाने तथा आगामी शिक्षा सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई।

  अधोसंरचना विकास और नवाचारों को समयबद्ध पूरा करने का लक्ष्य

जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जगरगुंडा एजुकेशन सिटी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और विभिन्न ग्रामों में निर्माणाधीन ‘सुशासन परिसर’ के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साइंस पार्क में नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया, आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण तथा आधार संबंधी कार्यों में गति लाने पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में गुणवत्तापूर्ण विकास को गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *