कोरबा की रेल सुविधाओं को लेकर सांसद ज्योत्सना महंत का बड़ा कदम, रेलवे GM को लिखा पत्र

Spread the love

सक्ती :  कोरबा और सक्ती क्षेत्र में रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने एक बार फिर पहल की है। उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर कोरबा से रायगढ़, बिलासपुर और रायपुर सहित प्रमुख शहरों के लिए यात्री रेल सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग की है। सांसद ने रेलवे से इन मांगों पर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

सांसद महंत ने अपने पत्र में कहा कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और रेलवे को यहां से महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ और अन्य प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त यात्री ट्रेनें उपलब्ध नहीं हैं। खासकर दोपहर के समय बिलासपुर से कोरबा आने वाले यात्रियों को नियमित यात्री ट्रेन नहीं मिलने के कारण परेशानी होती है।

दोपहर में बिलासपुर से कोरबा ट्रेन चलाने का सुझाव

सांसद ने रेलवे के सामने कुछ व्यावहारिक विकल्प भी रखे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि बिलासपुर में लंबे समय तक खड़ी रहने वाली भोपाल पैसेंजर के परिचालन समय में आवश्यक बदलाव कर इसे दोपहर करीब 2 बजे बिलासपुर से कोरबा तक चलाने की संभावना पर विचार किया जाए।

इसी तरह बिलासपुर–नर्मदा एक्सप्रेस के बिलासपुर में लंबे समय तक खड़े रहने की अवधि का उपयोग करते हुए इसे प्रतिदिन सुबह करीब 9 बजे कोरबा से संचालित करने की संभावना का परीक्षण करने की मांग की गई है।

कोरबा–रायगढ़ के बीच नियमित ट्रेन की मांग

सांसद महंत ने कोरबा और रायगढ़ के बीच नियमित यात्री ट्रेन शुरू करने की भी मांग की है। उन्होंने प्रस्तावित समय के तौर पर सुबह करीब 8:30 बजे कोरबा से रायगढ़ और शाम करीब 7 बजे रायगढ़ से कोरबा ट्रेन चलाने का सुझाव दिया है।

इस ट्रेन के शुरू होने से कोरबा, बालपुर, सरगांव, सक्ती, खरसिया और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़े :बारिश की हर बूंद सहेज रहा छत्तीसगढ़, ‘जल संचय जन भागीदारी’ में देशभर में पहला स्थान; 5 जिले टॉप-10 में

बिलासपुर में खत्म होने वाली ट्रेनों को कोरबा तक बढ़ाने की मांग

सांसद ने यह भी मांग की है कि छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली ऐसी ट्रेनों, जिनका परिचालन बिलासपुर में समाप्त हो जाता है, उनमें उपयुक्त ट्रेनों को कोरबा तक विस्तारित करने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए।

इसके अलावा कोरबा से विशेष और अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन की योजना बनाने की मांग भी रेलवे से की गई है।

“अब केवल आश्वासन नहीं, समयबद्ध कार्रवाई जरूरी”

सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि कोरबा की रेल सुविधाओं का मुद्दा केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध क्षेत्र के विकास, औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शिक्षा, व्यापार और आम लोगों के दैनिक आवागमन से है।

उन्होंने कहा कि कोरबा देश के ऊर्जा और कोयला क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में यहां की जनता को भी बेहतर और पर्याप्त रेल यात्री सुविधाएं मिलनी चाहिए।

सांसद ने रेलवे महाप्रबंधक से मांग की है कि सभी प्रस्तावों की तकनीकी और परिचालनिक व्यवहार्यता का तत्काल परीक्षण कर स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही इसकी प्रगति से उनके कार्यालय और कोरबा की जनता को अवगत कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोरबा की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को अब केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि समयबद्ध और परिणाममूलक कार्रवाई की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *