‘कैप्टन इंडिया’ बनकर लौटे कार्तिक आर्यन, मिलिट्री यूनिफॉर्म में दिखा धांसू फर्स्ट लुक; बोले- उड़ान भरने को तैयार!

Spread the love

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन अपनी आगामी फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ को लेकर पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपना फर्स्ट लुक साझा कर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। तस्वीर में कार्तिक मिलिट्री यूनिफॉर्म में नजर आ रहे हैं और उनका यह नया अवतार काफी दमदार दिखाई दे रहा है।

कार्तिक ने तस्वीर शेयर करते हुए फिल्म की शूटिंग शुरू करने का ऐलान किया। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मैवरिक के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार” और निर्देशक शिमित अमीन को भी टैग किया।

मिलिट्री यूनिफॉर्म में दिखा कार्तिक का नया अंदाज

अलग-अलग तरह के किरदारों को पर्दे पर निभाने के लिए पहचाने जाने वाले कार्तिक आर्यन अब ‘कैप्टन इंडिया’ में एक नए अंदाज में दिखाई देंगे। उनके फर्स्ट लुक में मिलिट्री यूनिफॉर्म और गंभीर तेवर नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है।

डायरेक्टर शिमित अमीन ने टीम को दिया खास मैसेज

फर्स्ट लुक के साथ कार्तिक ने निर्देशक शिमित अमीन का एक खास संदेश भी साझा किया। इसमें अमीन ने फिल्म की पूरी टीम की मेहनत और समर्पण की जमकर तारीफ की।

निर्देशक ने शूटिंग से पहले टीम के सामने आई चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्म से जुड़ा हर व्यक्ति बेहतरीन क्वालिटी की फिल्म बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने टीम के माहौल को खास और जादुई बताते हुए सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।

अमीन ने टीम का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि उनके पास दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम है। उनका यह संदेश शूटिंग शुरू होने से पहले पूरी टीम में जोश और ऊर्जा भरने वाला माना जा रहा है।

ये भी पढ़े :कवर्धा में दही हांडी उत्सव का दिखा भव्य नजारा, डिप्टी CM विजय शर्मा ने लगाया ‘जय कन्हैयालाल की’ का जयघोष

लंदन में होगी फिल्म की शूटिंग

‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग लंदन में होने वाली है। जानकारी के मुताबिक फिल्म की शूटिंग अक्टूबर के आखिर तक पूरी किए जाने की उम्मीद है। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज, बावेजा स्टूडियोज और डोपामाइन स्टूडियोज मिलकर कर रहे हैं, जबकि एसबी फिल्म्स प्रोडक्शन से जुड़े काम की देखरेख कर रही है।

‘चक दे! इंडिया’ फेम शिमित अमीन का नया प्रोजेक्ट

‘कैप्टन इंडिया’ का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं, जो इससे पहले चर्चित फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ का निर्देशन कर चुके हैं। ऐसे में कार्तिक आर्यन और शिमित अमीन की यह जोड़ी फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा रही है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन के पास ‘कैप्टन इंडिया’ के अलावा क्रिएचर-एक्शन फिल्म ‘नागजिला’ भी है। इसके साथ ही वह निर्देशक अनुराग बसु के साथ एक अनटाइटल्ड रोमांटिक प्रोजेक्ट में भी नजर आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *