वडोदरा में PM मोदी का मेगा शो, 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात; Gen-Z से किया सीधा संवाद

Spread the love

 

वडोदरा : गुजरात के वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेगा कार्यक्रम शुरू हो गया है। ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री को सुनने के लिए पहुंचे हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने युवाओं और Gen-Z से संवाद किया और विकसित भारत के विजन पर अपनी बात रखी।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने वडोदरा को करीब 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के संकल्प के साथ वडोदरा आए हैं।

‘वडोदरा के हर नागरिक को हृदय से बधाई’

प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम से पहले पूरे शहर में स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाया गया। उन्होंने इसके लिए वडोदरा के प्रत्येक नागरिक को बधाई दी।

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले ही देश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के इस उत्सव में वडोदरा के लोगों का सेवाभाव और उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए आया हूं। एक वीडियो देख रहा था तो मेरा सीना चौड़ा हो गया कि वाह, ये मेरा वडोदरा है।”

2,800 किमी से ज्यादा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) को तेजी से विकसित होते भारत की जीवनरेखा बताया। उन्होंने कहा कि इससे देश के ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर में बड़ा बदलाव आया है।

पीएम मोदी के मुताबिक, पहले यात्री और मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर चलती थीं, जिससे दोनों की गति प्रभावित होती थी। अब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस स्थिति को बदल दिया है। पूर्वी और पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर पर प्रतिदिन 430 से ज्यादा मालगाड़ियां संचालित हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि जहां पहले मालगाड़ी को 100 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब 6.30 घंटे लगते थे, वहीं अब यह दूरी आधे से भी कम समय में पूरी की जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि वडोदरा से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं और अब 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है।

 ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ के जंगलों पर मंत्री का सख्त रुख, अवैध कटाई पर तत्काल कार्रवाई और अफसरों की जवाबदेही तय करने के निर्देश

‘2014 के बाद फाइलों को गति मिली’

प्रधानमंत्री ने फ्रेट कॉरिडोर परियोजना में देरी का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर वर्ष 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक काम की रफ्तार बेहद धीमी रही।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस दौरान “फाइलें अटकती थीं, लटकती थीं और भटकती थीं।”

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने इस परियोजना को गति दी और आज 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबे फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है।

ट्रकों को लेकर PM मोदी का ‘फूफा’ वाला तंज

प्रधानमंत्री ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के फायदे बताते हुए कहा कि इससे किसानों और व्यापारियों को भी फायदा हो रहा है। उन्होंने मुंबई के JNPT पोर्ट से वडोदरा तक डबल-स्टैक कंटेनर मालगाड़ी के संचालन का उदाहरण दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि एक ऐसी मालगाड़ी में 250 से ज्यादा ट्रकों के बराबर सामान एक साथ मुंबई से वडोदरा पहुंचाया जा सकता है।

इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब “नाराज फूफा जी” सवाल करेंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा। पीएम मोदी ने कहा कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर में काम करने वालों के लिए भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

‘मेड इन इंडिया’ C-295 का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत की अपनी ‘सप्तधारा’ में मैन्युफैक्चरिंग को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और उद्योग के बीच सहयोग के मामले में वडोदरा की अपनी अलग पहचान है।

पीएम मोदी ने कहा कि अब वडोदरा देश के पहले ‘मेड इन इंडिया’ मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट C-295 के लिए भी जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि C-295 की पहली फ्लाइट वडोदरा के आसमान से उड़ान भर चुकी है और इसके लिए उन्होंने शहरवासियों को बधाई दी।

आदिवासी इलाकों तक पहुंच रही रेल

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में रेल कनेक्टिविटी लगातार विस्तार कर रही है और अब उन क्षेत्रों तक भी रेल पहुंच रही है, जहां दशकों तक यह सुविधा नहीं थी।

उन्होंने गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आदिवासी क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि इन इलाकों को भी रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले बजट में एक-दो नई ट्रेनों की घोषणा होती थी और उसे लंबे समय तक उपलब्धि के तौर पर प्रचारित किया जाता था, जबकि अब देश में लगातार नई ट्रेनें शुरू की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि वडोदरा के इस कार्यक्रम में भी कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है।

विकसित भारत के लिए तेज कनेक्टिविटी पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है जो सुगम होने के साथ-साथ तेज भी हो। उन्होंने गतिशक्ति को विकसित भारत की यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

उन्होंने कहा कि वडोदरा गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर है और यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की महत्वपूर्ण कड़ियों का जुड़ना 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *