कीटनाशक दुकानों पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 3 लाइसेंस पर कार्रवाई; एक निरस्त, दो निलंबित

Spread the love

धमतरी : खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में कीटनाशक विक्रय केन्द्रों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत भटगांव में तीन कीटनाशक विक्रय केन्द्रों पर कार्रवाई की गई है।

कृषि विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान विक्रय केन्द्रों में दस्तावेजों के रखरखाव, मूल्य सूची, स्टॉक प्रदर्शन समेत निर्धारित नियमों के पालन की जांच की। जांच में अनियमितताएं सामने आने पर दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिए गए, जबकि एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।

दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित

विभागीय जांच में मेसर्स गौरव कृषि केन्द्र और मेसर्स साहू कृषि केन्द्र, भटगांव में कई कमियां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों का समुचित संधारण नहीं होना, निर्धारित मापदंड के अनुसार मूल्य सूची उपलब्ध नहीं होना और कीटनाशकों के स्टॉक का उचित तरीके से प्रदर्शन नहीं किया जाना सामने आया।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के कीटनाशक विक्रय लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।

एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त

वहीं मेसर्स गायत्री कृषि केन्द्र, भटगांव के खिलाफ इससे भी कड़ी कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग ने प्रतिष्ठान का कीटनाशक विक्रय लाइसेंस निरस्त कर दिया है।

लाइसेंस निरस्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान में कीटनाशकों का कारोबार नहीं किया जा सकेगा।

ये भी पढ़े :दो महीने से उलझी अमित भंडारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह; महिला समेत 3 गिरफ्तार

10 अन्य विक्रय केन्द्र भी जांच के दायरे में

कृषि विभाग की टीम ने धमतरी जिले के अन्य 10 कीटनाशक विक्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। इनमें धमतरी के अंकित ट्रेडर्स, राधा ट्रेडर्स और शिवधारा कृषि केन्द्र सहित देमार, बागतराई, खम्हरिया, दानीटोला, कलारतराई और सेमरा बी क्षेत्र के विभिन्न कृषि केन्द्र शामिल हैं।

जांच के दौरान मेसर्स अंकित ट्रेडर्स, धमतरी में भी अनियमितता पाई गई। इसके बाद प्रतिष्ठान में कीटनाशक विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कृषि विभाग के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठान से जवाब मिलने के बाद उपलब्ध तथ्यों और निर्धारित नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसानों के हित में विभाग की सख्ती

खरीफ सीजन में कीटनाशकों की मांग बढ़ने के बीच कृषि विभाग की इस कार्रवाई को किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विक्रय केन्द्रों पर दस्तावेज, स्टॉक, मूल्य सूची और अन्य निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *