परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :आज के दौर में शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि संस्कार, नैतिकता और जिम्मेदार नागरिक निर्माण भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी सोच के साथ महात्मा गांधी सेवा आश्रम जौरा द्वारा गांधीवादी विचारक एवं समाजसेवी डॉ. एस.एन. सुब्बाराव की स्मृति में ‘भाई जी बाल मंदिर’ का शुभारंभ किया गया है। विद्यालय के अनौपचारिक उद्घाटन समारोह में शिक्षा और संस्कार आधारित समाज निर्माण को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी सेवा आश्रम जौरा के अध्यक्ष डॉ. पी.व्ही. राजगोपाल ने कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। ऐसे में भाई जी बाल मंदिर की शुरुआत देश और समाज निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाला व्यक्ति एक संगीतकार की तरह होता है, जो साधारण से साधारण बांस के टुकड़े को भी बांसुरी का रूप देकर उसमें से मधुर स्वर निकाल सकता है। उसी प्रकार एक शिक्षक यदि ठान ले तो प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के साथ नैतिक संस्कार देकर देश का जिम्मेदार नागरिक बना सकता है।
संस्कार आधारित शिक्षा आज की सबसे बड़ी जरूरत
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका जौरा के अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी ने की। उन्होंने कहा कि भाई जी के आदर्श और नैतिकता का पाठ आज भी समाज के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि उन्हें भाई जी और राजगोपाल जैसे संतों के सानिध्य में काम करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एन.वाई.पी. के सचिव करायल सुकुमारन ने कहा कि भाई जी बाल मंदिर की शुरुआत उनके कार्य और विचारों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। भाई जी का आदर्श जीवन बच्चों को सही राह दिखाता है और उनके नाम से संचालित विद्यालय आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक जौरा महेश दत्त मिश्र ने संस्कार आधारित शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। बच्चों को नैतिकता, संस्कार और मानवीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा देना समय की आवश्यकता है।
विद्यालय को सहयोग के लिए बढ़े हाथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संचालन और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए विभिन्न समाजसेवियों एवं संस्थाओं की ओर से सहयोग की घोषणाएं की गईं। इनोवेदिका फाउंडेशन की ओर से नारायण सिंह सिकरवार ‘देवा’ ने राष्ट्रीय संयोजक की ओर से शिक्षा सहयोग के लिए 50 हजार रुपये का चेक भेंट किया। एक्सीलेंस विद्यालय के प्राचार्य मुन्नालाल यादव ने 21 हजार रुपये सहयोग देने की घोषणा की। वहीं हाजी साकिर हमीद ने विद्यालय के फर्नीचर के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
ये भी पढ़े :बालोद के एकलव्य विद्यालय में 10वीं के छात्र की मौत, कमरे में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
एच.एल. ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर एल.एन. त्यागी ने भी विद्यालय के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की। राष्ट्रीय युवा योजना के हरि विश्वास ने विद्यालय संचालन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। एन.वाई.पी. के अशोक सरन ने कहा कि विद्यालय के माध्यम से भाई जी के कार्य और विचारों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
अल्प समय में अपेक्षा से अधिक प्रवेश
उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी सेवा आश्रम द्वारा महात्मा गांधी के दर्शन और चिंतन के आधार पर नैतिक शिक्षा की आवश्यकता को महसूस करते हुए नगर में डॉ. एस.एन. सुब्बाराव की स्मृति में भाई जी बाल मंदिर की शुरुआत की गई है। अंग्रेजी माध्यम से संचालित इस विद्यालय में कम समय में ही अपेक्षा से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया, जिसके चलते विद्यालय परिवार द्वारा अनौपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। खास बात यह रही कि बच्चों के साथ विद्यालय के स्टाफ ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
गांधीवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास
गरियाबंद के गांधीवादी विचारधारा से जुड़े समाजसेवी सीताराम सोनवानी, अध्यक्ष प्रयोग आश्रम तिल्दा रायपुर, ने भाई जी बाल मंदिर की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों और नैतिक संस्कारों से जोड़ना समाज के भविष्य के लिए जरूरी है।समारोह में वरिष्ठ पत्रकार जगदीश शुक्ला, एक्सीलेंस विद्यालय के प्राचार्य मुन्नालाल यादव, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता दिनेश सिकरवार, समाजसेवी हाजी साकिर हमीद, दिलीप जैन, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, डोंगर शर्मा, शीतल जैन, जगदीश गुप्ता, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विद्याराम प्रजापति, पालक संघ अध्यक्ष मातादीन कुशवाह, समर्पित बागी बहादुर भाई, बेदम सिंह कुशवाह सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।




