सिर्फ 200 रुपये के उधार को लेकर विवाद, युवक पर चाकू से हमला; सिम्स में भर्ती

Spread the love

बिलासपुर : जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में महज 200 रुपये के उधार को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। पैसे वापस मांगने की बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधार की रकम मांगने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, परसदा नवापारा निवासी बलराम ध्रुव के पिता गोवर्धन सिंह ध्रुव ने कृष्ण ध्रुव से 200 रुपये उधार लिए थे। बुधवार को कृष्ण ध्रुव ने बलराम से उधार की रकम वापस मांगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कृष्ण ध्रुव ने चाकू निकाल लिया और बलराम पर हमला कर दिया। चाकू लगने से बलराम घायल हो गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया।

ये भी पढ़े :भिलाई-चरोदा नगर निगम में वार्ड आरक्षण तय, 40 में 14 वार्ड महिलाओं के लिए; देखें पूरी वार्डवार सूची

घायल युवक ने बताई पूरी घटना

घायल बलराम ध्रुव (30) ने पुलिस को बताया कि घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की है। उसके मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले उसने कृष्ण ध्रुव से 200 रुपये उधार लिए थे।

बुधवार को कृष्ण ध्रुव ने उससे उधार के रुपये वापस मांगे। बलराम के अनुसार, उसने कहा कि फिलहाल रुपये नहीं हैं और बाद में दे देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बातचीत होने लगी। विवाद बढ़ने पर कृष्ण ध्रुव ने कथित तौर पर चाकू से उस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

फिलहाल घायल युवक का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *