‘नाराज फूफा’ वाले बयान पर दीपक बैज का पलटवार- ‘नाराज फूफा तो पूरे देश की जनता है’, BJP पर बरसे

Spread the love

रायपुर : भाजपा के सोशल मीडिया पर कांग्रेस और सरकार की आलोचना करने वालों को ‘नाराज फूफा’ बताए जाने वाले रैप सॉन्ग को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘नाराज फूफा तो पूरे देश की जनता है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश की जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और भाजपा वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बातें कर रही है।

दरअसल, भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर एक रैप सॉन्ग वीडियो जारी किया गया है, जिसमें सरकार की आलोचना करने वालों पर तंज कसते हुए उन्हें ‘नाराज फूफा’ बताया गया है। इसी को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि असली फूफा कौन है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि असली फूफा तो भाजपा वाले ही हैं।

महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दाम को लेकर निशाना

दीपक बैज ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हुए हैं और जनता महंगाई से परेशान है। बैज ने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार से आम जनता त्रस्त हो चुकी है।

साय सरकार के कैबिनेट फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार कितनी भी कैबिनेट बैठकें कर ले, लेकिन प्रदेश की जेन जी यानी युवा पीढ़ी को इससे राहत नहीं मिल रही है। उनके मुताबिक, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में अव्यवस्था है और युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर यात्रा को लेकर भी हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की प्रस्तावित यात्रा को लेकर भी बैज ने निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ पेट्रोल-डीजल बचाने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर लंबी यात्राएं निकाली जा रही हैं।

बैज ने इथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों से जनता परेशान है, जबकि सरकार वास्तविक समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही।

ये भी पढ़े :नाबालिगों के सोशल मीडिया इस्तेमाल में माता-पिता की भागीदारी अनिवार्य करने की मांग, SC ने केंद्र को भेजा नोटिस

शहरों में जलभराव को लेकर सरकार को घेरा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाने पर भी पीसीसी अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। बैज ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है। उनका दावा है कि इस साल बारिश कम होने के बावजूद कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी।

उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर हालात इतने खराब हो गए कि नाव चलाने जैसी स्थिति बन गई। बैज ने ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार आम जनता को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है।

तीन दिन चलेगा कांग्रेस का प्रशिक्षण

कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर दीपक बैज ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की तीन दिवसीय ट्रेनिंग आयोजित की जा रही है, जिसमें संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी व राजनीतिक मुद्दों पर तैयार करने पर जोर रहेगा।

उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल नहीं होने का आरोप

प्रदेश में आयोजित होने वाले उद्योगों के महाकुंभ को लेकर भी बैज ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार आयोजन कर सकती है, लेकिन केवल मेला लगाने से उद्योगों के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बनेंगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के उद्योगपति और आम लोग दोनों परेशान हैं। उन्होंने सरकार पर प्रदेश के खनिज संसाधनों को कुछ बड़े उद्योगपतियों के हित में इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया और कहा कि प्रदेश के उद्योगपतियों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *