दंतेवाड़ा : सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दंतेवाड़ा यातायात पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत गायत्री चौक पर वाहन जांच के दौरान शराब के नशे में ट्रक चलाते एक चालक को पकड़ा गया। मामले में न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूँटे और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) नसर उल्लाह सिद्धिकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा गायत्री चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही थी।
ये भी पढ़े :देवभोग में दूषित पेयजल को लेकर महिलाओं का आक्रोश, 40 से ज्यादा महिलाएं पहुंचीं नगर पंचायत
जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG 07 AU 8181 के चालक संतोष यादव, पिता सुखेन्द्र यादव, उम्र 52 वर्ष, निवासी देवरी, रायपुर को शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने चालक पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाने से चालक की खुद की जान के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी निरीक्षक मुकेश ताती, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी, आरक्षक वेद प्रकाश राजपूत, आदित्य कंदोई, कन्हैया लाल सिन्हा सहित यातायात शाखा के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही




