बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : बेटियों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की दिशा में आज स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा कृष्ण कुमार साहू के निर्देशन में एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.जी. पात्रा के सहयोग से जनपद पंचायत साजा के सभागार में दो पालियों में सभी स्कूलों के प्राचार्य व हेड मास्टरों का एचपीवी टीकाकरण के संबंध में प्रशिक्षण एवं बैठक आयोजित की गई।
अनुविभागीय अधिकारी साजा द्वारा निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से दिनांक 16 एवं 17 सितंबर 2026 को मेडिकल टीम द्वारा स्कूलों में जाकर एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत छूटी हुई बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जाए।
इस संबंध में बीएमओ साजा डॉ. अश्वनी कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी का कैंसर) विश्व का चौथा प्रमुख कैंसर है। यह कैंसर महिलाओं में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के संक्रमण के कारण होता है। यह बच्चेदानी का कैंसर एचपीवी टीके द्वारा पूर्णतः रोका जा सकता है, यह टीका पूरी तरह से प्रभावी एवं सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत ऐसी किशोरी बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया हो परन्तु 15वां जन्मदिन न मनाया हो, उन्हें निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। टीका लगाने हेतु आधार कार्ड, पहचान पत्र मान्य किया जाएगा। पहचान पत्र न होने पर माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी मान्य किया जाएगा। टीकाकरण हेतु माता-पिता/अभिभावक का सहमति पत्र अनिवार्य है।
बैठक में उपस्थित सभी प्राचार्य व हेड मास्टरों को एचपीवी टीके के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं 14 वर्ष की किशोरी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने हेतु सहयोग की अपील की गई।
किसी कारण से कोई बालिका स्कूल में टीकाकरण से छूट जाती है तो वह निकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र साजा, थान-खम्हरिया, परपोड़ी, देवकर, कारेसरा में ओपीडी समय पर जाकर एचपीवी टीका लगवा सकती है।




