इंजीनियर डे की तैयारी तेज, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर संगठन ने कसा शिकंजा

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन जिला कबीरधाम ने इंजीनियर डे कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए आयोजित बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों से लेकर निष्क्रिय पदाधिकारियों और सदस्यों की भूमिका तक पर गंभीरता से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भुवन पटेल, प्रदेश सचिव विकास शुक्ला सहित ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में इंजीनियर डे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां भी तय की गईं। संगठन ने पीडी मानिकपुरी को कार्यक्रम का संयोजक तथा रविन्द्र शुक्ला को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया। दोनों को कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि जिले में बेहतर कार्य करने वाले इंजीनियरों को सम्मान देकर उनके योगदान को सामने लाया जाएगा।

पारंपरिक तिहारों के चलते बदली कार्यक्रम की तारीख

इंजीनियर डे 15 सितंबर को मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तिहार पोला, तीज और गणेश चतुर्थी को देखते हुए कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में 25 से 30 सितंबर के बीच कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी। आयोजन की अंतिम तिथि, स्थान और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आगामी तैयारी के दौरान निर्णय लिया जाएगा।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिले 3 नए जज, शपथ के साथ बढ़ी न्यायिक ताकत; अब 13 हुई जजों की संख्या

उत्कृष्ट इंजीनियरों का होगा सम्मान

कार्यक्रम में कबीरधाम जिले में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले इंजीनियरों को सम्मानित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में उनके कार्य, योगदान और जिले के विकास में निभाई गई भूमिका को प्राथमिकता देने की बात कही गई। संगठन का उद्देश्य तकनीकी क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले अधिकारियों और इंजीनियरों को सम्मानित कर उनके कार्यों को सार्वजनिक मंच देना है।

निष्क्रियता पर नोटिस, नए चेहरों को संगठन में मौका

बैठक में संगठन की आंतरिक सक्रियता को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। संगठन की गतिविधियों और निर्धारित कार्यक्रमों में लगातार सहयोग नहीं करने वाले कुछ निष्क्रिय सदस्यों एवं पदाधिकारियों को नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया। वहीं संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय और जिम्मेदार पत्रकारों को नए सदस्य के रूप में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी।

पदाधिकारियों ने माना कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से होती है। लिहाजा जिम्मेदारी से दूरी बनाने वालों पर संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई और सक्रिय पत्रकारों को जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।

प्रदेशभर के पत्रकार होंगे शामिल

इंजीनियर डे कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे सहित प्रदेशभर के पत्रकार साथियों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों को सक्रिय भूमिका निभाने और सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने पर जोर दिया। संगठन ने कार्यक्रम को जिले में पत्रकारों और इंजीनियरिंग क्षेत्र के बीच संवाद और सम्मान का प्रभावी मंच बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *