सक्ती : सक्ती जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े ने बिलासपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को मांग पत्र सौंपा है। सांसद ने सक्ती सहित पूरे संसदीय क्षेत्र में यात्री सुविधाओं में सुधार, रेलवे अधोसंरचना के विकास और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई है।
सांसद ने कहा कि सक्ती जिले के मालखरौदा, जैजैपुर और डभरा विकासखंडों के करीब 200 गांवों के लोग रेल यात्रा के लिए मुख्य रूप से सक्ती रेलवे स्टेशन पर निर्भर हैं। ऐसे में स्टेशन और आसपास की रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगामी मंडल स्तरीय बैठक में इन मांगों पर प्राथमिकता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सक्ती स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग
सांसद ने सक्ती रेलवे स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ में शामिल करने और यात्रियों के लिए सर्वसुविधायुक्त वेटिंग हॉल बनाने की मांग की है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर-2 की ओर चौथी लाइन की तरफ फुट ओवरब्रिज (FOB) का विस्तार करने तथा स्टेशन के दूसरी ओर वार्ड क्रमांक 18 में अतिरिक्त टिकट काउंटर शुरू करने की मांग रखी गई है।
उन्होंने टेमर ब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने तथा प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 2 पर अतिरिक्त यात्री शेड बनाने की भी मांग की है।
अहमदाबाद एक्सप्रेस समेत इन ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
रेल यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सांसद ने सक्ती स्टेशन पर अहमदाबाद एक्सप्रेस और रायगढ़-प्रयागराज ट्रेन का ठहराव देने की मांग की है। इसके साथ ही टिकट आरक्षण की सुविधा का समय सुबह से शाम तक पहले की तरह करने का आग्रह किया गया है।
बाराद्वार में ROB और RUB की मांग
सांसद कमलेश जांगड़े ने बाराद्वार रेलवे स्टेशन और आसपास की समस्याओं को भी मांग पत्र में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बाराद्वार में रोड ओवरब्रिज (ROB) का काम तत्काल शुरू कराने तथा भागोड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज (RUB) बनाने की मांग की है।
इसके अलावा बाराद्वार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 से डोलोमाइट लोडिंग बंद कराने की मांग की गई है। सांसद के मुताबिक डोलोमाइट लोडिंग के कारण क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है, जिसका असर स्थानीय आबादी पर पड़ रहा है।
बाराद्वार में शालीमार-मुंबई मेल के ठहराव, जनपथ स्कूल और आसपास की रेलवे भूमि पर सीसी रोड तथा नाली निर्माण की मांग भी रखी गई है।
नैला, अकलतरा और सारागांव-देवरी स्टेशन के लिए भी मांग
सांसद ने सारागांव-देवरी स्टेशन पर रायगढ़-बिलासपुर पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज देने की मांग की है। नैला स्टेशन पर लिफ्टयुक्त नया फुट ओवरब्रिज बनाने तथा अकलतरा में आरक्षण काउंटर का समय बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
वहीं कोसमंदा रेलवे फाटक की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए ओवरब्रिज या अंडरपास बनाने की मांग भी उठाई गई है।

रायगढ़ से नर्मदा एक्सप्रेस शुरू करने समेत नई ट्रेनों का सुझाव
क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए सांसद ने नर्मदा एक्सप्रेस का संचालन रायगढ़ से शुरू करने, क्षेत्र में वंदे भारत ट्रेन चलाने और रायगढ़-कोरबा के बीच नई ट्रेन शुरू करने का सुझाव दिया है।
सांसद ने उम्मीद जताई है कि इन मांगों पर रेलवे मंडल स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




