BRICS Summit 2026: दूसरे दिन भी दुनिया की नजरें भारत पर, मोदी की अहम मुलाकातों से लेकर वैश्विक मुद्दों पर होगी बड़ी चर्चा

Spread the love

नई दिल्ली :नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। भारत मंडपम में दुनिया के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी के बीच कूटनीतिक बैठकों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का सिलसिला जारी रहेगा। सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के साथ होने वाली मुलाकातों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

सम्मेलन के पहले दिन भारत को बड़ी कूटनीतिक सफलता मिली, जब BRICS सदस्य देशों ने नई दिल्ली घोषणा-पत्र को मंजूरी दी। घोषणा-पत्र में आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई। सदस्य देशों ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर देते हुए आतंकियों के साथ-साथ उनके मददगारों और उन्हें सुरक्षित पनाह देने वालों को जवाबदेह ठहराने की बात कही।

मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात पर रही खास नजर

BRICS सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात भी चर्चा में रही। दोनों नेताओं ने करीब 50 मिनट तक बातचीत की। वार्ता के दौरान भारत-चीन संबंधों को बेहतर बनाने और सीमा क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि मतभेदों को विवाद का रूप नहीं लेने दिया जाना चाहिए। ऐसे में मोदी-शी मुलाकात को दोनों देशों के रिश्तों में स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश; सोमवार के बाद थम सकती है रफ्तार

पुतिन से मुलाकात ने भी खींचा ध्यान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी, द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक संबंधों को देखते हुए इस मुलाकात को भी काफी अहम माना गया।

गाला डिनर में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी की ओर से BRICS नेताओं के लिए भारत मंडपम में विशेष गाला डिनर का आयोजन भी किया गया। इसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शामिल हुए। डिनर के दौरान भारतीय खान-पान और संस्कृति की झलक देखने को मिली।

इस दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल को और खास बना दिया। उनकी प्रस्तुति ने गाला डिनर में मौजूद नेताओं के बीच एक अलग ही सांस्कृतिक रंग भर दिया।

दूसरे दिन किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

BRICS सम्मेलन के दूसरे दिन भारत मंडपम में एक बार फिर उच्चस्तरीय बैठकों का दौर चलेगा। प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक चुनौतियों जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इसके अलावा BRICS Summit के ओपन सेशन में समावेशी वैश्विक विकास पर मंथन होगा। बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच विकासशील देशों की भूमिका और आवाज को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने तथा नवाचार के जरिए विकास को गति देने पर विशेष जोर रहेगा।

पहले दिन आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख और प्रमुख नेताओं की अहम मुलाकातों के बाद अब दूसरे दिन की चर्चाओं पर दुनिया की नजर है। माना जा रहा है कि सम्मेलन के दूसरे दिन भारत वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं और विकासशील देशों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रख सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *