मुंबई : देशभर में गणेश चतुर्थी का उत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। मुंबई में भी गणेशोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। इस बीच बॉलीवुड अभिनेता और मार्शल आर्टिस्ट विद्युत जामवाल भी बप्पा का आशीर्वाद लेने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे।
14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विद्युत जामवाल पारंपरिक सफेद परिधान में नजर आए। उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन किए और आरती में भी शामिल हुए। इस दौरान अभिनेता ने शंख और डमरू बजाकर बप्पा की आराधना की।
शंख-डमरू बजाते दिखे विद्युत जामवाल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विद्युत जामवाल पूरी तरह भक्तिभाव में डूबे नजर आ रहे हैं। वह पारंपरिक अंदाज में शंख और डमरू बजाते दिखाई दिए। अभिनेता के इस अंदाज ने गणेशोत्सव के माहौल को और खास बना दिया।
लालबागचा राजा के दर्शन के लिए हर साल मुंबई समेत महाराष्ट्र और देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। गणेशोत्सव के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है और भक्त बप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए घंटों इंतजार करते हैं।
93वें वर्ष में लालबागचा राजा का भव्य दरबार
इस साल लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल अपने गणेशोत्सव का 93वां वर्ष मना रहा है। इस बार पंडाल की सजावट में भगवान शिव से जुड़ी भव्य थीम देखने को मिल रही है।
पंडाल को महाकालेश्वर मंदिर से प्रेरित महादेव-थीम पर तैयार किया गया है। सजावट में विशाल त्रिशूल भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ यह उत्सव अगले 10 दिनों तक भक्तों के लिए खास आकर्षण बना रहेगा।
जल्द हॉलीवुड में नजर आएंगे विद्युत जामवाल
वर्कफ्रंट की बात करें तो विद्युत जामवाल जल्द ही हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में वह लोकप्रिय किरदार धालसिम की भूमिका निभा रहे हैं।
किताओ सकुराई के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में विद्युत जामवाल के साथ जेसन मोमोआ, नोआ सेंटिनियो और रोमन रेन्स जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी नजर आएंगे। ऐसे में उनका हॉलीवुड डेब्यू भी काफी चर्चा में है।




