क्या विजय सलगांवकर फिर रचेंगे इतिहास? ‘दृश्यम 3’ को तोड़ना होगा मोहनलाल का ये बड़ा रिकॉर्ड

Spread the love

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, ऐसे में तीसरे पार्ट से भी बॉक्स ऑफिस पर बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

हालांकि इस बार अजय देवगन की फिल्म के सामने एक खास चुनौती भी है। मलयालम सिनेमा में मोहनलाल अभिनीत ‘दृश्यम 3’ पहले ही रिलीज हो चुकी है और इसके बॉक्स ऑफिस आंकड़ों ने हिंदी संस्करण के लिए एक बड़ा लक्ष्य तय कर दिया है।

239.83 करोड़ का आंकड़ा पार करना होगा

रिपोर्ट के मुताबिक, अगर अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को मोहनलाल की फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन से आगे निकलना है, तो उसे 239.83 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करनी होगी। मोहनलाल की फिल्म का भारतीय ग्रॉस कलेक्शन करीब 128.13 करोड़ रुपये, जबकि नेट कलेक्शन लगभग 110 करोड़ रुपये बताया गया है।

यही वजह है कि अब निगाहें अजय देवगन की फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं। खास बात यह है कि ‘दृश्यम 3’ की कहानी को मलयालम फिल्म से अलग रखा गया है। मेकर्स ने पहले ही यह फैसला कर लिया था कि दोनों फिल्मों की कहानी एक जैसी नहीं होगी।

ये भी पढ़े :ऑस्कर 2027 में भारत की ओर से जाएगी मराठी फिल्म ‘गोंधल’, 33 फिल्मों के बीच चयन; अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर होगी असली परीक्षा

विजय सलगांवकर के सामने आएंगी नई मुश्किलें

अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। इस बार कहानी में उनके सामने नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी। फिल्म में क्राइम ब्रांच के एसीपी के तौर पर जयदीप अहलावत की एंट्री भी कहानी को नया मोड़ देती नजर आएगी।

इस किरदार को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। पिछली फिल्म में अक्षय खन्ना ने पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी, जबकि तीसरे पार्ट में कहानी को आगे बढ़ाने के लिए नए पुलिस अधिकारी का किरदार जोड़ा गया है।

‘दृश्यम’ से ‘दृश्यम 2’ तक बढ़ता गया कारोबार

अजय देवगन की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का बॉक्स ऑफिस सफर भी काफी खास रहा है। पहली फिल्म 31 जुलाई 2015 को रिलीज हुई थी। करीब 35-40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 110 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

इसके बाद साल 2022 में ‘दृश्यम 2’ रिलीज हुई। करीब 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले पार्ट के मुकाबले कहीं बड़ा कारोबार किया और दुनियाभर में 318.26 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।

अब तीसरे पार्ट से फ्रेंचाइजी की पिछली सफलता को आगे बढ़ाने की उम्मीद है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ 239.83 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर पाएगी? इसका जवाब फिल्म के सिनेमाघरों में उतरने के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *