स्टॉपर से टकराई कार और फिर नदी में बहने लगी… पेड़ के सहारे लटके थे 5 लोग, आधी रात टीआई ने ऐसे बचाई जान

Spread the love

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। कान्हा-किसली घूमने जा रहे पांच दोस्तों की कार दनिया पुल पर तेज बहाव की चपेट में आकर नदी की मझधार में जा फंसी। जान बचाने के लिए कार सवार पांचों लोग एक पेड़ का सहारा लेकर लटके रहे। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेज बहाव के बीच उतरकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची थी। पुल पर बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुलिस ने स्टॉपर लगाए थे और जवानों की तैनाती भी की गई थी।

पुलिस के अनुसार, कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद जवानों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को आगे ले गया। इसी दौरान कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और सड़क से बहकर नदी की मझधार तक पहुंच गई।

ये भी पढ़े :खारुन नदी का रौद्र रूप! महादेव घाट पुल पर 2 फीट ऊपर बह रहा पानी, रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद

पेड़ के सहारे बचाई जान

कार के नदी में फंसने के बाद उसमें सवार पांचों लोग किसी तरह बाहर निकले और एक पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाते रहे। रात का अंधेरा, तेज बारिश और उफनता पानी रेस्क्यू टीम के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले खुद पानी में उतरे। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे पांचों दोस्त

खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा के मुताबिक, दनिया पुल पर कार के बह जाने के बाद थाना प्रभारी ने पानी में उतरकर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कार में सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले बताए गए हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे।

हादसे के समय कार में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे सवार थे। राहत की बात है कि रेस्क्यू के बाद सभी सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *