बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच विधायक ईश्वर साहू ने संभाला मोर्चा, प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण
बेमेतरा साजा टेकेश्वर दुबे : क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते उत्पन्न बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए साजा विधायक ईश्वर साहू ने ग्राम बगलेड़ी, गडूवा एवं चुहका का दौरा कर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बारिश और बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।विधायक ईश्वर साहू ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा, राहत व्यवस्था एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ग्रामीणों से भी अपील की कि लगातार बारिश के दौरान सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें।विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




