सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जंगल में मवेशी चराने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना पालामडगू गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर जंगल में दोपहर लगभग 2:30 बजे हुई। पालामडगू के पटेलपारा निवासी पोडीयाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (लगभग 50) जंगल में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सामने भालू आ गया।
दोनों ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल बन गया।
वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को इसकी जानकारी दी गई। विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही इलाके में ग्रामीणों को जंगल में जाने के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।




