सेवा सेतु शिविर में पहुंची सरकार, 210 आवेदन हुए प्राप्त; 5 ने देहदान और 29 लोगों ने लिया नेत्रदान का संकल्प

Spread the love

सक्ती: सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय हाईस्कूल सपोस, डभरा में ‘सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।

शिविर में कुल 210 आवेदन प्राप्त हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजनों से संवाद किया तथा उन्हें उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी।

योजनाओं का लाभ लेने लोगों को किया गया जागरूक

जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।

उन्होंने नागरिकों से आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सहित अन्य समस्याओं का शिविर के माध्यम से निराकरण कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने शिविर में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही।

ये भी पढ़े :किरंदुल में 8.4 किलो गांजा बरामद, घर में बिक्री के लिए रखा था नशीला पदार्थ; आरोपी गिरफ्तार

5 लोगों ने देहदान, 29 ने लिया नेत्रदान का संकल्प

सेवा सेतु शिविर में सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल भी देखने को मिली। अभियान के तहत 5 लोगों ने देहदान और 29 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया।

इस दौरान देहदान के लिए संकल्पित स्वर्गीय घनश्याम सिंह पटेल के वारिस एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजन पटेल को सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में जांच के साथ बांटी गई दवाइयां

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यहां आमजनों और हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी वितरित की गईं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत पात्रता, प्रावधान और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी लोगों को दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने कराया अन्नप्राशन कार्यक्रम

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों को शासन की जनमन पुस्तिका का वितरण भी किया गया। वहीं जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को कॉपी, पेन और पेंसिल प्रदान की।

शिविर में सेवा जनजागरूकता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, जनपद पंचायत डभरा अध्यक्ष अरुणा महेंद्र सिदार, जनपद पंचायत सदस्य जगदंबा सिदार और पुष्पा मेहर, नगर पंचायत डभरा अध्यक्ष दीपक साहू, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, कृष्णकांत चंद्रा, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा, एसडीएम डभरा विनय कश्यप, जनपद पंचायत डभरा सीईओ उमेश रात्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्यकर्मी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में आमजन व हितग्राही मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *