9 अक्टूबर नहीं, अब 12 अक्टूबर को रायपुर आएंगे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, RPF स्थापना दिवस की तैयारियां तेज

Spread the love

रायपुर: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रायपुर दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले उनका 9 अक्टूबर को रायपुर आने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन अब वे 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान रेल मंत्री रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।

दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन अलर्ट

रेल मंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर रेल मंडल में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर हर दिन परेड की रिहर्सल कराई जा रही है। रेलवे स्टेशन से लेकर समारोह स्थल तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।

रेलवे के अधिकारी लगातार तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए अलग-अलग स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

रायपुर स्टेशन पर भी तेजी से चल रहा काम

रेल मंत्री के दौरे के बीच रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम भी जारी है। प्लेटफॉर्म की ओर क्रेन से निर्माण कार्य किए जाने के कारण यात्रियों के आवागमन के लिए उपलब्ध जगह प्रभावित हुई है।

ट्रेन आने के समय यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यहां थोड़ी परेशानी की स्थिति भी बन रही है।

ये भी पढ़े :गरबा ड्रेस में युवतियां, हाथ में हथियार और सिगरेट… बिलासपुर का VIDEO वायरल, मचा बवाल

खमतराई ब्रिज के आसपास भी बदला नजारा

वहीं खमतराई ब्रिज के दोनों ओर पर्दादारी कराई गई है। आसपास मौजूद गुमटियों और ठेलों को भी बंद कराया गया है। DRM कार्यालय से लेकर समारोह स्थल तक साज-सज्जा का काम जारी है।

खमतराई ओवरब्रिज के दोनों ओर रंगीन पर्दे लगाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई गई हैं। रेलवे इंस्टीट्यूट के बाजू से रेल मंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा ग्राउंड के चारों तरफ मुरम की सड़कें तैयार करने का काम भी तेजी से चल रहा है।

RPF स्थापना दिवस को यादगार बनाने की तैयारी

समारोह के दौरान रेल मंत्री RPF जवानों की परेड और रिहर्सल का निरीक्षण करेंगे। इसे देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल के 42वें स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

शहर में RPF बैंड की प्रस्तुतियां

समारोह से पहले RPF की बैंड पार्टी शहर के अलग-अलग स्थानों पर प्रस्तुतियां दे रही है। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड में RPF बैंड ने लोकप्रिय और देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं।

बैंड की प्रस्तुति सुनकर बड़ी संख्या में लोग वहां रुक गए और जवानों की संगीत प्रस्तुति का आनंद लेते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *