शिवनाथ नदी में नहाने गया 22 वर्षीय युवक तेज बहाव में बहा, SDRF ने बरामद किया शव

Spread the love

दुर्ग :  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट के पास बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पंचशील नगर, दुर्ग निवासी निशांत सेन, पिता होरी लाल सेन के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दुर्ग एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट और प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार प्रयासों के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।

नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा युवक

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार 9 अक्टूबर को निशांत सेन शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट के पास नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण खोज अभियान में काफी कठिनाइयां आईं।

इसके बाद दुर्ग एसडीआरएफ की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। टीम आवश्यक उपकरणों और मोटर बोट के साथ घटनास्थल पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।

ये भी पढ़े :रायगढ़ में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, ₹63,200 नकद के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

 मोटर बोट और प्रशिक्षित गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ के प्रशिक्षित गोताखोरों ने नदी में उतरकर तलाशी ली। जवान राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने नदी की गहराई में जाकर युवक की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद टीम को निशांत का शव बरामद करने में सफलता मिली।

 दुर्ग पुलिस को सौंपा गया शव

शव मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दुर्ग थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

इस घटना के बाद नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव से होने वाले खतरे एक बार फिर सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *