दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले बड़ा एक्शन, संस्थापक अभिजीत दिपके और AISA अध्यक्ष नेहा बोरा हिरासत में

Spread the love

नई दिल्ली :  कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम को की गई।

जानकारी के मुताबिक, CJP के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दिपके ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। हालांकि, प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। रिपोर्ट के अनुसार, दिपके को सेंट्रल पार्क जाते समय एहतियातन हिरासत में लिया गया, जबकि नेहा बोरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया।

दिल्ली पुलिस ने पहले ही जारी किए थे नोटिस

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अभिजीत दिपके के घर पहुंचकर उन्हें दो नोटिस दिए थे। इनमें से एक नोटिस नई दिल्ली क्षेत्र की पुलिस की ओर से दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत जारी किया गया था। इसमें सेंट्रल पार्क नहीं जाने को कहा गया था। नोटिस में भारतीय नागरिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों के तहत लागू प्रतिबंधों का भी उल्लेख बताया गया है।

दूसरा नोटिस दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस की ओर से जारी किया गया था। इसमें कथित तौर पर दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को पहले एहतियातन हिरासत में लेकर अदालत में पेश किए जाने और एक साल तक अशांति नहीं फैलाने संबंधी शर्तों का उल्लेख किया गया था।

सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क सहित मध्य दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 220 कंपनियों को भी तैयार रखा गया है।

सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर और पालिका बाजार जैसे इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सेंट्रल पार्क के भीतर सात स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए जाने की भी खबर है।

ये भी पढ़े :सहसपुर लोहारा कॉलेज को 50 लाख की सौगात, डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया विकास कार्यों का ऐलान

कई जगह बैरिकेडिंग, सेंट्रल पार्क बंद

प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आईटीओ और संसद मार्ग सहित कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 5,000 पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने भी सेंट्रल पार्क को शुक्रवार और शनिवार के लिए बंद कर दिया है। पुलिस की ओर से यह भी कहा गया है कि प्रदर्शनकारी किसी अन्य स्थान पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति मांगते हैं, तो उस पर विचार किया जा सकता है।

CJP के सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद प्रस्तावित प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *