मां शीतला की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना, मानस मंदिर पहुंचकर निर्माणाधीन राम-जानकी मंदिर के लिए जताई सहयोग की प्रतिबद्धता

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : राजिम विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला शुक्रवार को छुरा नगर स्थित मां शीतला मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माता शीतला के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों और ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर पहुंचने पर ग्राम समिति के सदस्यों और उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया।मां शीतला के दर्शन के पश्चात पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला नगर के मानस मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां भव्य राम-जानकी मंदिर का निर्माण कार्य जारी है। मंदिर निर्माण कार्य की जानकारी लेने के बाद उन्होंने इस धार्मिक एवं जनसहयोग से जुड़े कार्य के लिए 1 लाख 11 हजार 101 रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से मंदिर निर्माण में सहयोग की दिशा में एक और पहल हुई है।
ये भी पढ़े :विधायक जनक ध्रुव की मौजूदगी में 80 लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन
छुरा नगर के मानस मंदिर प्रांगण में निर्माणाधीन राम-जानकी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था और सामूहिक सहभागिता का केंद्र बना हुआ है। मंदिर निर्माण को साकार करने के लिए श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं से लगातार सहयोग की अपील की जा रही है। ऐसे में पूर्व विधायक द्वारा सहयोग राशि की घोषणा को मंदिर निर्माण कार्य में योगदान के रूप में देखा जा रहा है।इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश्वरी शाह, महिला जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मंजू ध्रुव, यश्पेंद्र शाह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल समद खान, अशोक दीक्षित, मंडल अध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सचिव हरीश यादव, कोषाध्यक्ष सलीम मेमन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नियाज अहमद, पार्षद दीप्ति यादव, श्वेता चंद्राकर, हितेश दीक्षित, मोनू दीक्षित, पंचराम टंडन, रामजी ध्रुव, शांतनु देवांगन, शैलेन्द्र दीक्षित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




