देवभोग में सीताफल के अवैध परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, 48 कैरेट समेत ओडिशा पासिंग पिकअप जब्त

Spread the love

गरियाबंद :  जिले के देवभोग वन परिक्षेत्र में अभयारण्य की सीमा से लगे जंगलों से सीताफल की अवैध खरीद-बिक्री और परिवहन का मामला सामने आया है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा पासिंग पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन से सीताफल की 48 कैरेट बरामद की गई हैं। वहीं, मौके से एक झारखंड पासिंग वाहन के भाग निकलने की जानकारी सामने आई है।

बाहरी बिचौलियों की नजर जंगलों के सीताफल पर

देवभोग क्षेत्र के अभयारण्य से लगे जंगलों में होने वाले सीताफल को उसकी गुणवत्ता और मिठास के लिए जाना जाता है। इसी वजह से दूसरे राज्यों के बिचौलियों की भी इस पर नजर रहती है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय कारोबारियों के माध्यम से सीताफल बाहरी खरीदारों तक पहुंचाया जाता है।

ये भी पढ़े  :कोरबा के करतला जंगल में 9 हाथियों का दल, वन विभाग अलर्ट; गांव-गांव मुनादी कर ग्रामीणों को किया सतर्क

300 रुपये प्रति कैरेट की दर से खरीद-बिक्री का प्रयास

बताया गया है कि हाल ही में ओडिशा और झारखंड पासिंग पिकअप वाहनों के जरिए सीताफल के परिवहन की कोशिश की जा रही थी। फल की खरीद-बिक्री के लिए 300 रुपये प्रति कैरेट की दर सामने आई है। इसकी सूचना मिलने पर देवभोग वन परिक्षेत्र के अमले ने वाहनों की घेराबंदी की।

इस दौरान झारखंड पासिंग वाहन मौके से निकलने में सफल रहा, जबकि वन विभाग की टीम ने ओडिशा पासिंग पिकअप को पकड़ लिया।

48 कैरेट सीताफल जब्त, वन अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग ने पिकअप वाहन के साथ 48 कैरेट सीताफल जब्त किया है। विभाग के अनुसार, मामले में वन अधिनियम और जैव विविधता से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई है।

वन विभाग ने संकेत दिया है कि इस तरह के अवैध परिवहन और कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका और गतिविधियों की जानकारी जांच के दौरान सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *