बेमेतरा : ग्रामीण अंचल में छिपी खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और हुनर का परिचय दिया है। राजधानी रायपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में बेमेतरा जिले के बारगांव और देवरी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों ने कुल चार स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। प्रकाश प्रजापति, भूषण साहू, गूंजा साहू और अनन्या निषाद ने मैदान पर अपने खेल कौशल, बेहतर तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
मैदान पर दिखा खिलाड़ियों का दम, फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान दुर्ग संभाग की टीम ने बालक और बालिका वर्ग में प्रभावशाली खेल दिखाया। लीग मुकाबलों से लेकर फाइनल तक खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर अपनी टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया।
चार स्वर्ण पदकों की इस उपलब्धि से बारगांव और देवरी के साथ पूरे बेमेतरा जिले में खुशी का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र के इन खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि लगन, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन से राज्य स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
ये भी पढ़े :CG News: दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, SDRF ने निकाला शव
कोच तुलसी साहू के मार्गदर्शन में निखरी प्रतिभा
खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे हॉकी कोच एवं व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अनुशासित प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
सीमित सुविधाओं के बीच खिलाड़ियों ने सुबह-शाम अभ्यास कर अपनी तैयारी को मजबूत किया। नियमित मेहनत, खेल के प्रति समर्पण और टीम भावना का परिणाम प्रतियोगिता में मिली इस सफलता के रूप में सामने आया।
प्राचार्य श्याम सिंह ने खिलाड़ियों को दी बधाई
विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत से विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी क्षमता साबित की है।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों के साथ कोच तुलसी साहू के प्रयासों की सराहना की और इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
कोच बोलीं- बच्चों की मेहनत और अनुशासन का मिला परिणाम
कोच एवं व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है।
उन्होंने कहा कि बड़े शहरों जैसी खेल सुविधाएं और एस्ट्रोटर्फ मैदान उपलब्ध नहीं होने के बावजूद खिलाड़ियों ने अपने मजबूत इरादों और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे भी इसी तरह मेहनत कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
विद्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




