चरौदा में मां शीतला म्यूजिकल भजन संध्या की मनमोहक प्रस्तुति, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

Spread the love

नवरात्र के नौ दिनों तक विभिन्न देवी मंदिरों में भजनों और भावनृत्यों के माध्यम से माता की सेवा में जुटा है समूह, तीन वर्षों से दोनों नवरात्र में दे रहा भक्तिमय प्रस्तुतियां

 

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा की आराधना और भक्ति का माहौल चारों ओर छाया हुआ है। इसी कड़ी में मां शीतला म्यूजिकल भजन संध्या समूह द्वारा लगातार नौ दिनों तक विभिन्न देवी मंदिरों एवं दुर्गा पंडालों में भजनों और भावनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया जा रहा है। नवरात्र के सातवें दिन ग्राम चरौदा में समूह ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से भक्तिमय वातावरण निर्मित किया। माता के सेवागीतों, मधुर संगीत और भावपूर्ण नृत्यों के माध्यम से कलाकारों ने श्रद्धालुओं को मां दुर्गा की भक्ति से जोड़ने का प्रयास किया।
मां शीतला म्यूजिकल भजन संध्या समूह विगत तीन वर्षों से दोनों नवरात्र पर्वों के दौरान नियमित रूप से विभिन्न देवी स्थलों एवं शीतला मंदिरों में अपनी सेवाएं दे रहा है। समूह कराओके संगीत के साथ देवी भजनों की प्रस्तुति देता है। इसके साथ ही भावनृत्यों के माध्यम से माता की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं के बीच धार्मिक आस्था और भक्ति का संचार करता है। समूह के सदस्य इसे मनोरंजन के साथ-साथ मां दुर्गा की सेवा और आराधना का माध्यम मानते हैं।

ये भी पढ़े :वोट चोरी के विरोध में मड़ेली में कांग्रेस की पदयात्रा, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर भाजपा के खिलाफ किया प्रदर्शन

इस नवरात्र में समूह द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम दिन ग्राम परसुली, दूसरे दिन फिंगेश्वर नगर, तीसरे दिन दर्रीपारा कोचबाय, चौथे दिन ग्राम सिवनी, पांचवें दिन शीतला मंदिर रसेला, छठवें दिन नव जागृति दुर्गोत्सव मंच धवलपुर तथा सातवें दिन ग्राम चरौदा में भजनों की प्रस्तुति दी गई। वहीं आठवें दिन विंध्यवासिनी चंडी मंदिर घुंचापाली में मां के दरबार में भजन एवं भावनृत्य की प्रस्तुति देकर सेवा अर्पित करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
समूह में मुख्य गायक के रूप में नेमीचंद यादव, सहायक गायक अमरनाथ साहू, मुख्य गायिका कुमारी सिमरन कमार तथा सहायक गायिका कुमारी यंजना साहू अपनी आवाज से भक्ति गीतों को स्वर प्रदान कर रहे हैं। वहीं हीरालाल साहू संचालन एवं उद्घोषणा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं तथा रूपेश कुमार शर्मा मैनेजर के रूप में समूह की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।

भावनृत्य के पक्ष में अनीता, कल्याणी, नूतन, हीना, प्रतिभा, गीतिका, लतिका, कविन्द्र सहित अन्य सदस्य अपनी प्रस्तुतियों से भक्ति कार्यक्रम को आकर्षक बना रहे हैं। सभी कलाकार सामूहिक प्रयास से माता के दरबार में अपनी सेवाएं अर्पित कर रहे हैं।मां शीतला म्यूजिकल भजन संध्या समूह की यह पहल नवरात्र पर्व की धार्मिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान कर रही है। भजनों और भावनृत्यों के माध्यम से समूह विभिन्न गांवों में भक्तिमय माहौल निर्मित करते हुए माता की आराधना में अपनी सहभागिता निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *