50 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला राज, चार महिलाओं की मौत के मामले में फरार पिकअप की पहचान

Spread the love

बैकुंठपुर :  छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में चार महिलाओं की मौत के मामले में पुलिस ने दुर्घटनाकारित बोलेरो पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान कर ली है। पटना थाना क्षेत्र के करजी तालाब के पास हुए इस सड़क हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 50 से अधिक शासकीय और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सैकड़ों घंटे के वीडियो के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन क्रमांक JH 03 AU 6791 तथा उसके चालक राजू कुमार गुप्ता, निवासी रमकंडा, जिला गढ़वा (झारखंड) की पहचान की गई।

तीज नहावन कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं के ऑटो को मारी थी टक्कर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। ग्राम छिंदिया निवासी अमित सिंह अपने ऑटो में लगभग 14 से 15 महिलाओं को लेकर ग्राम बिलारो से तीज नहावन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान पटना थाना क्षेत्र के ग्राम करजी तालाब के पास बैकुंठपुर की ओर से आ रहे एक बोलेरो पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, पिकअप चालक तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद वह मौके पर रुके बिना वाहन लेकर फरार हो गया।

हादसे में ऑटो सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां चंदमती सहित चार महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

घटनास्थल से नहीं मिला वाहन का स्पष्ट सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन में फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए विशेष पुलिस एवं तकनीकी टीम गठित की गई।

हादसा रात के समय हुआ था और घटनास्थल से वाहन की स्पष्ट पहचान करने वाला कोई ठोस सुराग नहीं मिला था। ऐसे में पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल सर्विलांस के जरिए जांच आगे बढ़ाई।

ये भी पढ़े :फेसबुक पर IAS अधिकारी के नाम से फर्जी ID, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 88 लाख की ठगी; यूपी से दो आरोपी गिरफ्तार

50 से अधिक कैमरों की फुटेज का किया विश्लेषण

पुलिस टीम ने ग्राम करजी तालाब से लेकर बैकुंठपुर शहर, मुख्य मार्गों, प्रमुख तिराहों, टोल नाकों और संभावित निकास मार्गों पर लगे 50 से अधिक सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की।

घटना के संभावित समय को ध्यान में रखते हुए मिनट-दर-मिनट टाइमलाइन तैयार की गई। इसके बाद सैकड़ों घंटे के वीडियो फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान रात का अंधेरा और वाहन की तेज रफ्तार चुनौती बनी। शुरुआती फुटेज में नंबर प्लेट स्पष्ट नजर नहीं आ रही थी। इसके बाद साइबर सेल और तकनीकी टीम ने वीडियो एनहांसमेंट टूल्स तथा फ्रेम-दर-फ्रेम विश्लेषण का सहारा लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन की बॉडी की बनावट, विशिष्ट कट-मार्क्स और लाइट पैटर्न का मिलान कर संदिग्ध वाहन की पहचान की गई।

झारखंड के वाहन और चालक तक पहुंची पुलिस

लगातार तकनीकी विश्लेषण और उपलब्ध रिकॉर्ड के मिलान के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो पिकअप क्रमांक JH 03 AU 6791 की पहचान की। इसके बाद वाहन के अंतरराज्यीय रिकॉर्ड और तकनीकी लोकेशन से संबंधित साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में चालक राजू कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम एवं थाना रमकंडा, जिला गढ़वा, झारखंड का नाम सामने आया। इस तरह शुरुआती दौर में स्पष्ट सुराग नहीं मिलने के बावजूद पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान तक पहुंची।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आशा सेन एवं मोहसीन खान के नेतृत्व में थाना प्रभारी पटना प्रमोद पांडे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश सुरपाम एवं सुंदरलाल नरेटी, सहायक उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, संदीप साय एवं प्रदीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक अमल कुजूर, राजेश रगड़ा एवं सजल जायसवाल तथा सैनिक विकास सिंह, अमृतानंद, राघवेंद्र पुरी एवं शिवम सिन्हा की भूमिका रही।

कोरिया पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए फरार वाहन की पहचान करने में मदद मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *