‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के बाद एकता कपूर का बड़ा धमाका! श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना की जोड़ी मचाएगी तहलका

Spread the love

एकता कपूर ने हाल ही में स्मृति ईरानी स्टारर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के खत्म होने का ऐलान किया है, जिससे दर्शक काफी मायूस हैं। जब से शो की शुरुआत हुई थी, ये शो टीआरपी चार्ट पर लगातार अपनी जगह बनाए हुए थे। मगर हाल ही में एकता कपूर और स्मृति ईरानी ने शो से जुड़ी कुछ खास पलों की झलक साझा करते हुए बताया कि अब ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ऑफ एयर होने जा रहा है। इस शो के बाद अब एकता कपूर नया शो लेकर आ रही हैं, जिसमें गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या लीड रोल में नजर आएंगी। हाल ही में शो का टीजर जारी किया गया था और अब श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना ने सेट पर मुहूर्त पूजा के साथ अपने नए शो का आगाज किया है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।

श्रद्धा आर्या-गौरव खन्ना ने सेट पर की पूजा

सोशल मीडिया पर श्रद्धा और्या और गौरव खन्ना की कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें दोनों को अपने नए शो के सेट पर पूजा करते देखा जा सकता है। दोनों ने सेट पर दुर्गा पूजा की रस्में निभाईं और भक्ति में लीन नजर आए। इन तस्वीरों और वीडियो में दोनों सफेद रंग के ट्रेडिशनल लुक में नजर आ रहे हैं। गौरव खन्ना ने जहां सफेद ओपन कॉलर का कुर्ता पहना था और अपने लुक को रिस्टवॉच और ब्रेसलेट के साथ पूरा किया, वहीं श्रद्धा आर्या भी सफेद रंग के सूट में प्यारी लग रही थीं।

क्या बोलीं एकता कपूर?

एकता कपूर ने गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या स्टारर इस नए शो को लेकर  अपनी खुशी और उत्सुकता जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि इस शो को भी उनके अन्य शोज की ही तरह दर्शकों से प्यार मिलेगा। उन्होंने कहा- ‘एक कहानी (क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2) खत्म हुई है, लेकिन अभी भी कई सरप्राइज बाकी हैं। क्योंकि सास भी कभी बहू थी के ग्रैंड फिनाले के बाद हर कोई मुझसे पूछ रहा था कि क्या होगा। मैं दर्शकों को बहुत इंतजार नहीं करना चाहती थी। मैं जानती थी कि अगली कहानी खास होनी चाहिए। ऐसी कहानी जो लोगों को ध्यान अपनी तरफ खींच सके और उन्हें ये कहानी गहराई से महसूस हो। और श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना को साथ लाने से बेहतर और क्या हो सकता है? दोनों को दर्शकों से खूब प्यार मिला है और हम लंबे समय से दोनों को साथ स्क्रीन शेयर करते देखना चाहते थे। और अब ये आखिरकार हो रहा है। मैं बहुत उत्साहित और नर्वस हूं।’

गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के शो का प्रीमियर कब होगा?

बता दें, 13 अक्टूबर को एकता कपूर ने श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना स्टारर इस नए शो का टीजर जारी किया था। मेकर्स ने न तो अब तक इस शो के नाम का ऐलान किया है और न ही प्लॉट और कैरेक्टर्स को लेकर कोई जानकारी साझा की है, लेकिन टीजर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता जरूर जगा दी है। वहीं शो के प्रीमियर की बात करें तो इसके नवंबर 2026 के आखिरी तक में शुरू होने की संभावना है। श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना स्टारर ये शो स्मृति ईरानी स्टारर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ को रिप्लेस करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *