रायपुर : भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी सांसदों के साथ बैठक की. बैठक में स्मृति ईरानी के द्वारा पार्टी के साथ-साथ सरकार के कामकाज को लेकर कही गई बातों को सांसदों ने साझा किया.
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बैठक को लेकर बताया कि संगठन और सरकार का काम बेहतर कैसे हो, इस पर सुझाव लिए गए. स्मृति ईरानी ने भी बेहतर कामकाज को लेकर सुझाव दिए. सरकार होने पर संगठन, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका होनी चाहिए, इस पर चर्चा की. संगठन और सरकार मिलकर काम करेंगे, तभी आने वाले समय में फिर सरकार में आकर जनता की सेवा कर पाएंगे.
ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा पर सार्वजनिक अवकाश, 9 नवंबर को बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर
सांसद विजय बघेल ने बैठक को लेकर बताया कि प्रभारी ने वन टू वन चर्चा की है. सांसदों से फीडबैक भी लिया गया है. इसके साथ ही अपने-अपने लोकसभा में केंद्र और राज्य की योजनाएँ किस तरह से पहुँच रही है, इन सभी मुद्दों पर खुलकर चर्चा की गई है.
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बैठक को लेकर बताया कि विचारधारा को धरातल पर उतारने को लेकर मंथन हुआ. सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा हुई. बैठक में सुझाव मांगे गए, जनप्रतिनिधियों ने भी सुझाव दिए. उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ की स्थिति से परिचित हैं. संगठन का दायित्व बखूबी निभाएंगी.




