एक हफ्ते तक की रेकी, फिर आधी रात फैक्ट्री में धावा! रायपुर में 3 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के हीरापुर इलाके में बंद पड़ी अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी और औजार भी जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

आधी रात बंद फैक्ट्री में घुसे 7 से 8 आरोपी

मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे 7 से 8 आरोपी हीरापुर स्थित बंद अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में घुसे थे। चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे ही बंधक बना लिया।

आरोपियों ने चौकीदार के दोनों हाथ रस्सी से बांध दिए। इसके बाद कार्यालय और फैक्ट्री परिसर में रखे कीमती सामान को समेटकर मौके से फरार हो गए।

एल्युमिनियम वायर, कॉपर क्वाइल और नकदी ले गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फैक्ट्री से एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखी नकदी तथा अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा पैनल कार्ड ले गए। इसके अलावा फैक्ट्री में रखे कॉपर क्वाइल भी चोरी किए गए।

चौकीदार की शिकायत पर कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ये भी पढ़े :ससुर की हत्या कर मौत को हादसा बताने की कोशिश, बहू और प्रेमी को आजीवन कारावास

CCTV फुटेज से मिला सुराग, तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस को सरोना, डी.डी. नगर निवासी संदीप नेताम के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया।

एक सप्ताह तक की थी फैक्ट्री की रेकी

पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। इस दौरान वे वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे थे।

योजना के अनुसार, आरोपी घटना वाली रात टाटा एस वाहन और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे। वहां चौकीदार को बंधक बनाने के बाद कार्यालय और फैक्ट्री में रखे सामान को लेकर फरार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल अन्य लोग कौन हैं और चोरी का सामान कहां खपाने की योजना थी।

17 लाख का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल जब्त किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस की जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। संदीप नेताम चोरी और मारपीट के मामलों में, जबकि उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन नकबजनी के मामले में पहले जेल जा चुका है। अजीत भारती के भी पहले जेल जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

फिलहाल, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *