सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 40 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम मुक्ताराजा का है। कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला कलेक्टर के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
छद्म खरीददार के जरिए की गई जांच
आबकारी विभाग को ग्राम मुक्ताराजा निवासी मानकुंवर कुर्रे, पति मोहनलाल कुर्रे, के घर से शराब बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के लिए पहले छद्म खरीददार के माध्यम से महुआ शराब खरीदी गई। इससे शराब बिक्री की पुष्टि होने के बाद टीम ने वार्ड नंबर 12 स्थित उनके आवास पर कार्रवाई की।
रसोई और स्कूटी की डिक्की से मिली 40 लीटर शराब
कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर की रसोई में रखी जूट की बोरी से 15 प्लास्टिक बोतलों में भरी 30 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी की डिक्की से 10 लीटर महुआ शराब मिली। इस तरह कुल 40 लीटर महुआ मदिरा जब्त की गई।
विभाग ने मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।
आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और बाराद्वार के निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव तथा आबकारी स्टाफ के परसराम, कमलेश और बसंती चौधरी का योगदान रहा।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




