सुप्रसिद्ध लोकगायिका अल्का चंद्राकर की प्रस्तुति पर झूम उठा बेमेतरा, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने जीता दिल

Spread the love

 

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बेमेतरा स्थित बेसिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरा मैदान छत्तीसगढ़िया संस्कृति, विकास और उल्लास के त्रिवेणी संगम का गवाह बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्री विजय बघेल, मंत्री श्री दयाल दास बघेल एवं अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया।

विकास प्रदर्शनी में दिखी अनवरत विकास की झलक

जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों – कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिवासी विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की जीवंत झलक देखने को मिली। लोगों ने योजनाओं की जानकारी ली और लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए।

ये भी पढ़े :छोटी दिवाली 7 नवंबर को या 8 नवंबर को? जानिए नरक चतुर्दशी की सही तारीख और पूजा का शुभ मुहूर्त

लोकसंस्कृति की चमक बिखेरती स्कूली बच्चों की प्रस्तुति –

राज्योत्सव मंच पर शासकीय शालाओं के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत पंथी नृत्य की थाप, पंडवानी का ओजस्वी गायन, आदिवासी लोकगीतों की मधुरता और सुआ नृत्य की मनमोहक लय ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की एक-एक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

अल्का चंद्राकर के गीतों पर झूम उठा बेमेतरा –

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका अल्का चंद्राकर की सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। उनके द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकगीतों – “अरपा पैरी के धार…” और सुआ, ददरिया गीतों पर पूरा पंडाल झूम उठा। उनकी सुरीली आवाज ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की माटी से जोड़ दिया और देर रात तक लोग उनकी प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर सहित जिला स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, नागरिकगण और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *