छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव के लिए BJP का बड़ा प्लान तैयार, तीन स्तर पर बनेगी टिकट चयन समिति; मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ के 13 नगरीय निकायों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा कार्यालय में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने चुनावी रणनीति, संगठन की स्थिति और जमीनी स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में चुनाव वाले नगरीय निकायों के प्रभारी और सहप्रभारी के साथ संबंधित जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव और ओपी चौधरी सहित मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दयालदास बघेल, राजेश अग्रवाल और टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के सांसद और विधायक भी बैठक में शामिल हुए।

स्थानीय समीकरण और चुनावी प्रबंधन पर चर्चा

दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन ने निकाय स्तर पर अपनी तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में स्थानीय राजनीतिक समीकरण, संगठन की सक्रियता और चुनावी प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई। पदाधिकारियों को चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को जोड़ने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में आने वाले दिनों से लेकर चुनाव पूर्व तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। संगठन की ओर से पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने और चुनावी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़े :ईरान में परमाणु हमले का डर! IRNA ने जारी किया 8 मिनट का वीडियो, नागरिकों को बताया रेडिएशन से बचने का तरीका

जिला से प्रदेश स्तर तक बनेगी टिकट चयन समिति

निकाय चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए भाजपा तीन स्तर पर समितियों का गठन करेगी। इसमें जिला, संभाग और प्रदेश स्तर पर चयन समितियां बनाई जाएंगी। इस व्यवस्था के जरिए उम्मीदवारों के नामों पर अलग-अलग स्तर पर विचार किया जाएगा।

बैठक में मंत्री, विधायक, महापौर और विभिन्न क्षेत्रों के प्रभारी पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने चुनावी मैदान में उतरने से पहले आंतरिक तैयारियों को दुरुस्त करने और स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया।

निगम और नगर पालिकाओं में भी भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य

बैठक के बाद सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि पंचायत से लेकर पार्षद और संसद तक अंत्योदय की भावना पहुंचाना भाजपा का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और नगर निगमों में भी भाजपा की सरकार बने, इसके लिए संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैठक लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

स्मृति ईरानी पर बयान को लेकर अमरजीत भगत पर निशाना

कांग्रेस नेता अमरजीत भगत द्वारा स्मृति ईरानी को ‘गब्बर’ कहे जाने संबंधी टिप्पणी पर सांसद संतोष पाण्डेय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अमरजीत भगत को पहले टीएस सिंहदेव से निपटना चाहिए, उसके बाद इस तरह की बयानबाजी करनी चाहिए।

पाण्डेय ने कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से संगठन को लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। उनके छत्तीसगढ़ आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस स्मृति ईरानी से भयभीत है। राहुल गांधी को लेकर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की।

सांसद ने स्मृति ईरानी के अनुभव और मार्गदर्शन को प्रदेश संगठन के लिए उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *