आरंग : क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ आरंग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.76 लीटर देशी मसाला शराब, घटना में इस्तेमाल जुपिटर स्कूटी और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत 1 लाख 37 हजार 200 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 04 QJ 1199 में तीन युवक आरंग शराब दुकान से बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस को देखकर स्कूटी सवार तीनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान ललितेन्द्र उर्फ नरेन्द्र लोधी (25), फुलेश लोधी (21) और केशव लोधी (20) के रूप में हुई। तीनों आरंग के लोधीपारा के निवासी बताए गए हैं।
स्कूटी की डिक्की से मिले 32 पाव
पुलिस ने स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें 180 एमएल के 32 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 5.76 लीटर और अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के अलावा करीब 70 हजार रुपये कीमत की जुपिटर स्कूटी और आईफोन, रेडमी तथा ओप्पो कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 64 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 1 लाख 37 हजार 200 रुपये बताया गया है।
आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। तीनों को 3 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण अजमानतीय होने के कारण उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
आरंग पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




