भूपेश बघेल की सभा में उमड़ी भीड़, 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली

Spread the love

कांकेर :  आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच आज कांकेर जिले के नरहरपुर में कांग्रेस ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत शक्ति प्रदर्शन किया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेश नेताम ने अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

दरअसल, करीब 20 दिन पहले भूपेश नेताम ने भाजपा से इस्तीफा दिया था। अब दिसंबर माह में प्रस्तावित नगर पंचायत चुनाव से पहले उनका अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल होना नरहरपुर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सभी नए सदस्यों को गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने धान खरीदी, कथित वोट चोरी, युवाओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दे उठाए। बघेल ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है और दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर लोगों को न चना मिला और न ही शक्कर। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की।

ये भी पढ़े :जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन 16 नवंबर को,सांसद लक्ष्मी वर्मा होंगी मुख्य अतिथि

कांग्रेस नेता की जेब से 30 हजार रुपये पार

कार्यक्रम के दौरान जेबकतरी की घटना भी सामने आई। कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से कथित तौर पर 30 हजार रुपये पार हो गए। घटना नरहरपुर के सुरही क्षेत्र में स्वागत कार्यक्रम के दौरान की बताई जा रही है। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरे ने वारदात को अंजाम दिया।

गौरतलब है कि इससे पहले 7 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के कार्यक्रम में भी कांग्रेस के बड़े नेता सहित कई लोगों की जेब कटने की शिकायत सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राजनीतिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल नगर पंचायत चुनाव से पहले भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सहित 100 से अधिक लोगों का कांग्रेस में प्रवेश नरहरपुर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है। आने वाले निकाय चुनाव में इसका कितना असर देखने को मिलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *