छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, 10 जिलों में पारा 16 डिग्री से नीचे; अंबिकापुर सबसे ठंडा, जानें अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अब धीरे-धीरे तेज होने लगा है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सरगुजा जिले का अंबिकापुर 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। राजधानी रायपुर में भी सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं। आसमान साफ रहने के साथ रात के तापमान में मामूली गिरावट जारी रह सकती है।

सरगुजा संभाग में सबसे ज्यादा ठंड

प्रदेश में सर्दी का असर सबसे अधिक उत्तरी छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। सरगुजा संभाग की रातें अन्य क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा ठंडी हो रही हैं। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। यहां पारा गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इसके अलावा बलरामपुर-रामानुजगंज में 13.4 डिग्री और बालोद में 13.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग में पारा 15.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।

इन जिलों में भी 16 डिग्री से नीचे रहा पारा

प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बेमेतरा में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री, कबीरधाम में 15 डिग्री और बस्तर में 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुंगेली और सूरजपुर में तापमान 15.5 डिग्री, जबकि कोरबा में 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री रहा।

रायपुर में साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं माना एयरपोर्ट क्षेत्र में रात का पारा 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाअभियान शुरू: 15 क्विंटल बेचने पर भी किसान को मिलेंगे पूरे 13,839 रुपये, 21 क्विंटल की शर्त से मिली राहत

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ कम दबाव का क्षेत्र

एक ओर छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह सिस्टम और मजबूत होकर अवदाब में बदल सकता है। 16 नवंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार नहीं

बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम का छत्तीसगढ़ पर खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में हवा की दिशा शुष्क बनी हुई है। इसके चलते अगले दो दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का अहसास और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *