बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :जिला मुख्यालय बेमेतरा के टाउन हॉल सिंघौरी में आज धरती आबा जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनजाति समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, विशिष्ट इतिहास एवं अप्रतिम विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। पूरा टाउन हॉल जनजातीय लोकगीतों, लोकनृत्यों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और आदिवासी परिधानों की छटा से सराबोर हो उठा।
संस्कृति और परंपरा की दिखी मनमोहक झलक
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक जनजातीय विधि-विधान से हुआ। जनजातीय कलाकारों ने गोंडी, हल्बी, बिंझवारी सहित विभिन्न जनजातीय लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। मांदर, झांझ की थाप पर कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक झूम उठे। स्कूली बालिकाओं ने जनजाति लोकगीत पर सामुहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। जनजातीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधान, गहने और साज-सज्जा में अपनी संस्कृति की पहचान को जीवंत किया। युवाओं ने अपनी लोककला के माध्यम से बताया कि जनजाति समाज की संस्कृति केवल अतीत नहीं, बल्कि वर्तमान की भी धरोहर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बिरसा मुंडा के गौरव को चिरस्थाई किया – सांसद लक्ष्मी वर्मा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के गौरव में इतिहास को चिरस्थाई रखने के लिए प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सांसद श्रीमती वर्मा ने कहा कि कम उम्र में ही भगवान बिरसा मुंडा ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐसा आंदोलन खड़ा किया, जिसने पूरी ब्रिटिश सत्ता को हिला दिया। उनका जीवन त्याग, बलिदान और देशभक्ति का प्रतीक है।
जनजाति समुदाय का भारत भूमि पर सदियों से अधिकार
सांसद श्रीमति वर्मा ने आगे कहा कि जनजाति समुदाय का सदियों से भारत भूमि पर अधिकार रहा है। जनजाति समाज इस देश की मूल धरोहर है। उन्होंने सदैव जल, जंगल, जमीन के संरक्षण के लिए कार्य किया है। प्रकृति की रक्षा करना ही जनजातीय जीवन दर्शन है।
सांस्कृतिक विरासत और परंपरा अतुलनीय
सांसद ने कहा कि जनजाति समुदाय की सांस्कृतिक विरासत और परंपरा अतुलनीय है। पूरे देश में जनजाति समाज की अलग-अलग समृद्ध परंपराएं हैं, लेकिन यह सभी भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित हैं। यही भारत की असली ताकत है – विविधता में एकता।
शोषण के खिलाफ फूंका आजादी का बिगुल
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन, भय और मौत के विरुद्ध लड़कर, शोषण के खिलाफ लड़ाई लड़कर आजादी का बिगुल फूंका था। उन्होंने आदिवासियों को संगठित किया, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और उलगुलान का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ के क्रांतिकारियों का उल्लेखनीय योगदान
सांसद श्रीमती वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी जनजाति समुदाय के क्रांतिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने बस्तर के महान क्रांतिकारी गेंदसिंह, शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधूर का उदाहरण देते हुए कहा कि इन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा, जल, जंगल, जमीन को बचाने का कार्य किया है। इन वीरों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
बस्तर में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प
इस अवसर पर सांसद लक्ष्मी वर्मा ने सभी लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि बस्तर में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कठोर कार्रवाई की जा रही है। अब बस्तर में विकास, शांति और विश्वास का नया दौर शुरू हुआ है।
जनजाति समाज के समग्र विकास के लिए कार्य
सांसद श्रीमती वर्मा ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा छत्तीसगढ़ में जनजाति समाज के समग्र विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी, आवास, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में जनजातीय गांवों में तेजी से काम हो रहा है। अंत में उन्होंने जनजाति समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और समृद्ध संस्कृति को सुरक्षित रखने के लिए सभी से अपना योगदान देने का आह्वान किया।
जनजातीय समाज का इतिहास बलिदान, शौर्य और देशभक्ति का रहा है…. विधायक दीपेश साहू
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि कि जनजातीय समाज का इतिहास बलिदान, शौर्य और देशभक्ति का इतिहास है। स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों ने अंग्रेजों के खिलाफ जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुषों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।उन्होंने आगे कहा कि जनजातीय समाज ने हमेशा जल, जंगल, जमीन और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। यही उनकी असली पहचान है।
भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन आदिवासी गौरव के लिए समर्पित रहा…. विधायक ईश्वर साहू
विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन आदिवासी गौरव, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासियों को संगठित किया, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और जल, जंगल, जमीन की रक्षा का मंत्र दिया।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने दी जनजाति समाज के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनजाति समाज के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कलेक्टर ने बताया कि जनजातीय छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, छात्रावास, आश्रम शाला, एकलव्य विद्यालय, कौशल विकास, स्वरोजगार, वन अधिकार पट्टा, आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन सहित अनेक योजनाएं संचालित हैं। कलेक्टर ने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ-साथ जनजाति समाज के गौरव थे। भगवान बिरसा मुंडा को जल जंगल जमीन के संरक्षक, जनजाति समाज की समृद्ध संस्कृति, विरासत, परंपरा और विशिष्ट इतिहास को चिरस्थाई रखने के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने साहस ,संघर्ष से आजादी की लड़ाई में अमूल्य योगदान दिया है।
समाज को गौरवान्वित करने वाले प्रतिभावों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब समाज को गौरवान्वित करने वाले प्रतिभावों को मंच पर सम्मानित किया गया।
शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, समाजसेवा, शासकीय सेवा और कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और समाजसेवियों को शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान पाकर प्रतिभावों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने कहा कि इस सम्मान से अन्य युवा भी प्रेरित होंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने जनजातीय गौरव, एकता और देश की अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री दयावंत धर बांधे, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, आदिवासी समाज के अध्यक्ष मुरीत मंडावी, वरिष्ठ नागरिक दिनेश नेताम, एच आर ध्रुव, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राजेंद्र शर्मा, जिला प्रशासन, आदिवासी विकास विभाग सहायक आयुक्त अभय जायसवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। जनजातीय समाज के लोगों ने कार्यक्रम की भव्यता के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




