नगर पंचायत मारो की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 20 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। इसके तहत प्रपत्र प्रारूप क-1 में आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर 2026 कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि जिले के नगर पंचायत मारो में आम निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया जारी है।

आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस तिथि तक जिन मतदाताओं ने विधानसभा निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा लिया है, वे अब 20 नवंबर 2026 तक प्रपत्र क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

ये भी पढ़े :बेमेतरा में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, दिखी जनजाति संस्कृति, परंपरा और विरासत की झलक

प्रपत्र क-1 में प्राप्त दावों के निराकरण की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, दावा-आपत्तियों के निराकरण से संबंधित आदेश के विरुद्ध अपील करने की समय-सीमा आदेश पारित होने के पांच दिवस के भीतर निर्धारित की गई है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

आयोग के निर्देशानुसार पूर्व में प्रपत्र क-1 के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर चुके ऐसे आवेदक, जिनके आवेदन के साथ विधानसभा निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होने संबंधी आदेश अथवा ईपीआईसी (EPIC) नंबर संलग्न नहीं था, वे भी संबंधित दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इससे पात्र मतदाताओं का नाम नगर पंचायत मारो की निर्वाचक नामावली में दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

अतः नगर पंचायत मारो के ऐसे सभी पात्र मतदाता, जिन्होंने विधानसभा निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा लिया है, वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *