छत्तीसगढ़िया समाज पर अभद्र टिप्पणी से बवाल! मधुबाला गिरी की गिरफ्तारी की मांग, प्रदेशभर के थानों में सौंपे गए ज्ञापन

Spread the love

रायपुर :  छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ कथित अपमानजनक एवं धमकी भरे बयान को लेकर प्रदेश में विरोध तेज हो गया है। इस मामले में मधुबाला गिरी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। संगठन के सदस्यों ने रायपुर सहित कई जिलों के पुलिस थानों में पहुंचकर थाना प्रभारियों को ज्ञापन सौंपा और मामले में कार्रवाई की मांग की।

संगठन की ओर से रायपुर ग्रामीण के विधानसभा थाना क्षेत्र के अलावा मंदिर हसौद, धरसीवा और सिलतरा थानों में ज्ञापन दिया गया। वहीं धमतरी, मुंगेली, खैरागढ़, गंडई, बालोद, कबीरधाम और जांजगीर सहित अन्य जिलों में भी पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए।

सोशल मीडिया वीडियो को लेकर जताया विरोध

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा दिए गए ज्ञापन में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का उल्लेख किया गया है। संगठन का आरोप है कि इस वीडियो में मधुबाला गिरी ने छत्तीसगढ़िया समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया।

सेना का कहना है कि इस तरह की कथित टिप्पणी से छत्तीसगढ़िया समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने इसे प्रदेश की सामाजिक अस्मिता और सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए पुलिस से गंभीरता से जांच करने की मांग की है।

ये भी पढ़े :आग तापने के लिए लकड़ी फोड़ने पर भिड़े दो पक्ष, मारपीट में एक युवक की मौत; दो अस्पताल में भर्ती

रायपुर से फरार होने की चर्चा, गिरफ्तारी की मांग

संगठन के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली है कि संबंधित महिला रायपुर से फरार हो गई है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की तलाश तेज करने की मांग की है।

ज्ञापन में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट करने तथा जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है।

छत्तीसगढ़िया अस्मिता के मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा है कि प्रदेश की अस्मिता, स्वाभिमान और छत्तीसगढ़िया समाज के सम्मान के साथ किसी भी तरह का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *