देवउठनी एकादशी व्रत में क्यों सुनाई जाती है यह कथा? जानिए राजा और सच्चे भक्त की कहानी

Spread the love

देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी, देव-प्रबोधिनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी और कार्तिक शुक्ल एकादशी भी कहा जाता है। कहते हैं यह एकादशी व्रत बड़े से बड़े पापों का नाश कर देता है। इसी एकादशी पर भगवान विष्णु अपनी योग निद्रा से जागते हैं और चातुर्मास का समापन हो जाता है। इस दिन कई जगहों पर तुलसी विवाह भी किया जाता है। इस दिन से ही भीष्म पंचक पर्व भी शुरु हो जाता है। चलिए जानते हैं इस एकादशी का व्रत रखने वाले लोगों को कौन सी कथा का पाठ जरूर करना चाहिए।

देवउठनी एकादशी व्रत कथा

देवउठनी एकादशी की कथा अनुसार, एक राजा के राज्य में सभी लोग एकादशी का व्रत किया करते थे। उस दिन राज्य का कोई भी व्यक्ति और यहां तक की पशु भी अन्न ग्रहण नहीं करते थे। एक दिन किसी दूसरे राज्य का एक व्यक्ति राजा के पास आकर बोला महाराज! कृपा करके मुझे अपने यहां नौकरी पर रख लें। तब राजा ने उसके सामने एक ही शर्त रखी कि तुम्हे यहां रोज तो खाने को मिलेगा, पर एकादशी को अन्न का एक दान भी नहीं मिलेगा।

उस व्यक्ति ने बिना सोचे समझे उस समय तो हां कर ली, लेकिन जब एकादशी आई और उसे सिर्फ फलाहार का सामान दिया गया तो वह राजा के सामने जाकर गिड़गिड़ाने लगा कि हे महाराज! इससे मेरा पेट नहीं भरेगा। कृप्या करके मुझे अन्न दे दो, नहीं तो मैं भूखा मर जाऊंगा। राजा ने फिर उसे वो शर्त याद दिलाई जो उस व्यक्ति ने यहां नौकरी पाने के समय स्वीकार किया था। लेकिन तब भी वह व्यक्ति अन्न छोड़ने को तैयार नहीं हुआ, तब राजा ने उसे आटा-दाल-चावल आदि दिए। वह रोजाना की तरह नदी पर पहुंचा और स्नान कर अपना भोजन पकाने लगा। जब भोजन बन गया तो वह भगवान को बुलाने लगा: आओ भगवान भोजन तैयार है।

ये भी पढ़े :तुलसी विवाह की पौराणिक कथा: भगवान विष्णु को क्यों बनना पड़ा शालिग्राम? जानिए वृंदा और जालंधर की कहानी

उसके बुलाने पर भगवान चतुर्भुज रूप में आ पहुंचे और प्रेम से उसके साथ भोजन करने लगे। भोजनादि करके भगवान अंतर्धान हो गए। फिर वह व्यक्ति अपने काम पर चला गया। अगली एकादशी को वह राजा से कहने लगा कि महाराज मुझे दुगुना सामान दीजिए क्योंकि उस दिन तो मैं भूखा ही रह गया। राजा ने कारण पूछा तो उसने बताया कि हमारे साथ भगवान भी खाते हैं इसलिए हम दोनों के लिए ये सामान कम पड़ जाता है। यह सुनकर राजा को बड़ा आश्चर्य हुआ और वह बोले मैं नहीं मान सकता कि भगवान तुम्हारे साथ खाते हैं। मैं इतने व्रत रखता हूं, नियमित रूप से पूजा करता हूं, लेकिन भगवान ने मुझे कभी दर्शन नहीं दिए।

राजा की बात सुनकर वह बोला कि महाराज यदि आपको विश्वास न हो तो आप साथ चलकर देख लें। राजा एक पेड़ के पीछे छिपकर बैठ गया। उस व्यक्ति ने पहले की तरह ही भोजन बनाया और भगवान को शाम तक पुकारता रहा, परंतु उस दिन भगवान न आए। अंत में उसने कहा कि हे भगवान यदि आप नहीं आए तो मैं नदी में कूदकर प्राण त्याग दूंगा। लेकिन भगवान नहीं आए, तब उस व्यक्ति ने अपने प्राण त्यागने की सोची। जैसे ही वह व्यक्ति नदी की तरफ बढ़ा, वैसे ही भगवान शीघ्र प्रकट हुए और उसे रोक लिया। हमेशा की तरह भगवान ने उस व्यक्ति के साथ भोजन किया।

खा-पीकर वे उस व्यक्ति को अपने विमान में बिठाकर अपने धाम ले गए। यह देख राजा ने सोचा कि व्रत-उपवास से तब तक कोई फायदा नहीं होता, जब तक व्रत करने वाले व्यक्ति का मन शुद्ध न हो। इससे राजा को ज्ञान मिला और इसके बाद से वह भी मन से व्रत-उपवास करने लगा और अंत में स्वर्ग को प्राप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *