कोरिया/बैकुंठपुर : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बैकुंठपुर के दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्रवाई कर कुल 120 क्विंटल धान जब्त किया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान महलपारा रोड स्थित जय भोले ट्रेडर्स से 70 क्विंटल धान बरामद किया गया। वहीं, अल्ताफ ट्रेडर्स की दुकान से 50 क्विंटल धान जब्त किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 120 क्विंटल धान की जब्ती की गई है।
अवैध भंडारण और परिवहन पर कलेक्टर सख्त
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने खाद्य, कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ एसडीएम, तहसीलदारों और समिति प्रबंधकों को धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन के मामलों पर कड़ी निगरानी रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला खाद्य अधिकारी के मुताबिक, जिले में धान की अवैध बिक्री और परिवहन रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना है।
ये भी पढ़े :CM योगी की मां के निधन पर देशभर के नेताओं ने जताया शोक, जानिए उनके परिवार की पूरी कहानी
किसानों से बिचौलियों को धान नहीं बेचने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना धान कोचियों और बिचौलियों को न बेचें। साथ ही अवैध परिवहन या भंडारण में किसी भी तरह का सहयोग न करें।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने पंजीकृत किसानों से कहा है कि वे निर्धारित ऐप के माध्यम से धान बिक्री के लिए टोकन प्राप्त करें। किसान टोकन में दर्ज तारीख के अनुसार ही अपनी उपज लेकर संबंधित धान उपार्जन केंद्र पहुंचें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के मामलों पर निगरानी जारी रहेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




