साई पल्लवी की कलाई में हमेशा क्यों रहती है रुद्राक्ष की माला? अभिनेत्री ने सुनाई भावुक कहानी

Spread the love

साई पल्लवी इन दिनों नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस साल की सबसे चर्चित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस मेगा बजट पौराणिक फिल्म में साई पल्लवी ने माता सीता की भूमका निभाई है और दर्शकों से उन्हें खूब तारीफें भी मिल रही हैं। साई पल्लवी अपने अभिनय के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। खासतौर पर उनकी सिंपल लाइफस्टाइल के लिए वह फैंस के बीच काफी पसंद की जाती हैं। साई पल्लवी से जुड़ी एक और चीज पर फैंस सालों से गौर कर रहे हैं और वह है उनकी कलाई में नजर आने वाली रुद्राक्ष की माला। अब ‘OM: चैप्टर वन’ और ‘रामायण’ के प्रमोशन के दौरान ‘बिहाइंडवुड्स’ को दिए इंटरव्यू में साई पल्लवी ने इस रुद्राक्ष की माला से जुड़ी दिलचस्प और भावुक कहानी बताई है।

साई पल्लवी की कलाई पर नजर आने वाली रुद्राक्ष की माला के पीछे की कहानी

‘OM: चैप्टर वन’ और ‘रामायण’ के प्रमोशन के दौरान साई पल्लवी ने बताया कि उन्हें ये रुद्राक्ष की माला कैसे मिली और कैसे ये धीरे-धीरे उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान वह परीक्षा से एक रात पहले इस माला को हाथ में लेकर प्रार्थना करती थीं और अब जब वह शूटिंग पर जाती हैं तो इसे पहनकर रखती हैं। साई पल्लवी ने बताया कि उनके हाथ में नजर आने वाली ये रुद्राक्ष की माला उनके कजिन से उन्हें मिली थी।

ये भी पढ़े :बिलासपुर ऑनलाइन सट्टा कांड में बड़ा खुलासा, 25 करोड़ की संपत्तियों के दस्तावेज मिले; दुबई तक पहुंची जांच

साई पल्लवी को कजिन से मिली थी रुद्राक्ष की माला

साई पल्लवी ने बताया कि उनका कजिन तमिलनाडु के त्रिची स्थित श्रीरंगम के श्री रंगनाथस्वामी मंदिर से ये माला लाया था। जिसके बाद उनके दादाजी ने ये माला उस कजिन से लेकर उन्हें दे दी और तब से लेकर अब तक ये माला हमेशा उनके साथ रहती है। साई पल्लवी ने कहा, ‘परीक्षा से एक दिन पहले, मैं रुद्राक्ष की माला हाथ में लेकर प्रार्थना करती थी। सच कहूं तो, मुझे लगता है कि इसी की वजह से मैंने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया। पहले ये परीक्षा से पहले की प्रार्थना तक सीमित थी और धीरे-धीरे ये रोज की आदत बन गई। अब शूटिंग पर जाते समय भी इसे पहनती हूं।’

साई पल्लवी का परिवार भी आध्यात्मिक है

साई पल्लवी ने खुलासा किया कि उनका परिवार पूजा-पाठ और आध्यात्मिक विचारों वाला है। उनके दादा-दादी अक्सर घर के बच्चों को देवी-देवताओं के समान मानते थे। उन्होंने इससे पहले बताया था कि ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाने से पहले भी उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा था- ‘सीता मां, मेरे जरिए आप ये किरदार निभाइये।’ इसी के साथ उन्होंने इस किरदार को अपने लिए एक आशीर्वाद बताया था।

‘OM: ऑपरेशन मोल’ में साई पल्लवी की भूमिका

‘रामायण’ की रिलीज के 15 दिन बाद ही अब उनकी एक और फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है, जिसका नाम ‘OM: ऑपरेशन मोल’ है। इस फिल्म में धनुष और ममूटी मुख्य भूमिका में हैं और साई पल्लवी IPS अफसर की भूमिका निभा रही हैं, जिसके लिए उन्हें खुद में कई परिवर्तन लाने पड़े। ‘OM: ऑपरेशन मोल’ अब सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों से इसे पहले दिन जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *