महासमुंद में बिना लाइसेंस चल रहा नर्सिंग होम सील, निरीक्षण में डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ भी नहीं मिले

Spread the love

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के कोमाखान में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस संचालित आंचल नर्सिंग होम को सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं थी।

जानकारी के मुताबिक, नर्सिंग होम पिछले करीब 8 महीने से बिना वैध लाइसेंस के ओपीडी संचालित कर रहा था। वहीं, पिछले 4 महीने से अस्पताल में मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार भी किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) और नसबंदी कराने वाले मरीज भर्ती पाए गए।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ के आयुर्वेद कॉलेज को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 100 बीएएमएस सीटों पर प्रवेश का रास्ता साफ

सबसे गंभीर बात यह रही कि जांच के दौरान अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल प्रबंधन से संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इससे पहले भी विभाग की ओर से जारी नोटिस का अस्पताल प्रबंधन ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। लगातार सामने आई अनियमितताओं और बिना लाइसेंस अस्पताल संचालन को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आंचल नर्सिंग होम को सील करने की कार्रवाई की।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में बिना वैध अनुमति संचालित स्वास्थ्य संस्थानों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नियमों की अनदेखी कर मरीजों की जान जोखिम में डालने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *