कवर्धा टेकेश्वर दुबे : कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने वरिष्ठ अधिकारीगणों के दिशा निर्देश पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कुण्डा के नेतृत्व में कुण्डा पुलिस द्वारा मादक पदार्थ गाँजा की बिक्री के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक – 25.11.2026 को थाना कुंण्डा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हाफ नदी पुल के नीचे एक व्यक्ति अवैध रूप से गाँजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर कुंण्डा पुलिस द्वारा विधिवत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर पहुंचकर उपस्थित गवाहों के समक्ष रेड कार्यवाही की गई। पुलिस टीम को मौके पर एक युवक सफेद रंग के थैले में संदिग्ध मादक पदार्थ रखे व इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन रखे मिला।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम करन मानिकपुरी पिता स्व. लीलाधर मानिकपुरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी धापपारा कुंण्डा, थाना कुंण्डा, जिला कबीरधाम बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखे सफेद थैले से झिल्ली के सात छोटे पैकेट एवं कागज की पांच पुड़िया में रखा गाँजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गवाहों के समक्ष तौल कराने पर कुल वजन 196 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2,000/- रुपये है।
ये भी पढ़े :ट्रंप का नया टैरिफ प्लान: भारत से चीन तक 8 देशों पर 25% तक शुल्क लगाने की तैयारी
पुलिस द्वारा मौके से गाँजा बिक्री की रकम 350/- रुपये एवं एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जप्त की गई। इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल 196 ग्राम गाँजा, बिक्री की रकम एवं इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद कर विधिवत जप्ती की कार्यवाही की गई।
आरोपी करन मानिकपुरी के विरुद्ध थाना कुंण्डा में अपराध क्रमांक- 203/2026, धारा 20(बी)(ii)(ए) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक- 25.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में जिले के वरिष्ठ अधिकारीगणों के दिशा निर्देश पर थाना प्रभारी कुंण्डा, ए.एन.टी. एफ. पुलिस टीम एवं थाना कुंण्डा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




