सड़क गुणवत्ता पर समझौता नहीं : परदेसी सोनबोईर

Spread the love

भारत वर्मा के आरोपों का किया समर्थन, निष्पक्ष जांच की मांग

 

राजनांदगांव : कवर्धा से मानपुर तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर भाजपा नेता भारत वर्मा और सड़क निर्माण कंपनी के बीच उपजे विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में तिलई भाजपा मंडल अध्यक्ष परदेसी सोनबोईर ने भारत वर्मा का समर्थन करते हुए सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाना किसी भी जनप्रतिनिधि का अधिकार ही नहीं, बल्कि जनता के हित में उसकी नैतिक जिम्मेदारी भी है। यदि भारत वर्मा ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं तो कंपनी को आरोप-प्रत्यारोप में उलझने के बजाय निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच के लिए आगे आना चाहिए। सोनबोईर ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़कें कुछ ही महीनों में खराब होने लगती हैं। कहीं सड़क उखड़ने लगती है तो कहीं गड्ढे बन जाते हैं। इसके बाद संबंधित निर्माण एजेंसियां मरम्मत और लीपापोती कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती हैं। यह स्थिति न केवल सरकारी धन के दुरुपयोग को दर्शाती है, बल्कि आम जनता के साथ भी अन्याय है। जनता की गाढ़ी कमाई से बनने वाली सड़कों का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और टिकाऊ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी और अनियमितताओं से जुड़े सवालों को केवल विभागीय अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर खारिज नहीं किया जा सकता।

पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ही अपने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण घोषित कर देना निष्पक्ष जांच की गारंटी नहीं है। निर्माण कार्य में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में शिकायत सामने आने पर किसी स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है, ताकि निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके। श्री सोनबोईर ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता की जांच पीडब्ल्यूडी के अलावा किसी अन्य स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से कराई जाए। जांच में सड़क निर्माण में उपयोग की गई सामग्री, उसकी गुणवत्ता, मोटाई, निर्धारित तकनीकी मापदंडों और निर्माण प्रक्रिया की बारीकी से जांच होनी चाहिए। साथ ही जांच के दौरान जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और किसी प्रकार की शंका की गुंजाइश न हो।

ये भी पढ़े :शराब बेचने का अनोखा तरीका! जमीन में गाड़कर छिपाई थी बोतलें, पुलिस ने खोदकर निकाला

सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों द्वारा भाजपा नेता भारत वर्मा पर कंपनी के मैनेजर से पैसे मांगने के आरोप लगाए जाने पर भी परदेसी सोनबोईर ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में किसी जनप्रतिनिधि ने कंपनी के मैनेजर से पैसों की मांग की थी तो संबंधित मैनेजर ने उसी समय इसकी शिकायत क्यों नहीं की? सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने और कंपनी पर जवाबदेही का दबाव बनने के बाद इस तरह के आरोप सामने आना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि पर लेनदेन का आरोप लगाना आसान है, लेकिन ऐसे गंभीर आरोपों की पुष्टि ठोस साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए। बिना प्रमाण किसी की छवि खराब करने का प्रयास उचित नहीं है। यदि कंपनी के पास आरोपों से संबंधित कोई साक्ष्य है तो उसे जांच एजेंसी के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। वहीं, सड़क निर्माण की गुणवत्ता से जुड़े सवालों का भी तकनीकी आधार पर जवाब दिया जाना चाहिए।

सोनबोईर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। यदि कोई जनप्रतिनिधि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाता है तो उसे व्यक्तिगत विवाद का रूप देकर मूल मुद्दे से ध्यान नहीं भटकाना चाहिए। सड़क निर्माण कंपनी को अपनी कार्यप्रणाली और निर्माण की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि इस मामले में किसी भी पक्ष के आरोपों को बिना जांच के सही या गलत नहीं माना जाए। भारत वर्मा पर लगाए गए कथित लेनदेन के आरोपों और सड़क निर्माण की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों, दोनों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। सड़क निर्माण का उद्देश्य केवल सरकारी राशि खर्च करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *