भरत वर्मा के पुतला दहन पर भड़के भाजपा नेता याददास साहू, बोले- सांठगांठ कांग्रेस की है, भरत वर्मा की नहीं

Spread the love

राजनांदगांव : कवर्धा-मानपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जारी विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदलता जा रहा है। भाजपा नेता भरत वर्मा का पुतला दहन किए जाने के बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री याददास साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पुतला दहन को मुट्ठीभर कांग्रेसियों का राजनीतिक ड्रामा बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सड़क निर्माण कंपनी के साथ अपनी कथित सांठगांठ छिपाने के लिए भरत वर्मा को निशाना बना रही है।

पुतला दहन में कांग्रेस विधायक की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल

याददास साहू ने कहा कि राजनांदगांव में भरत वर्मा का पुतला जलाने पहुंचे कांग्रेसियों के प्रदर्शन में क्षेत्र के कांग्रेस विधायक ही मौजूद नहीं थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राजनांदगांव से मोहला-मानपुर तक सड़क उन्हीं कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र से होकर गुजरती है, तो विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक कहां थे?

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अब तक खुलकर सामने नहीं आए। साहू ने इसे निर्माण कंपनी के साथ कांग्रेस नेताओं की कथित सांठगांठ से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए।

ये भी पढ़े  :सड़क गुणवत्ता पर समझौता नहीं : परदेसी सोनबोईर

भरत वर्मा ने जनहित में उठाई सड़क की गुणवत्ता की आवाज

भाजपा नेता ने कहा कि निर्माण कंपनी की ओर से भरत वर्मा पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद और निराधार हैं। उनके मुताबिक भरत वर्मा ने जनहित में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कथित अनियमितताओं को सामने लाने का प्रयास किया।

याददास साहू ने कहा कि भरत वर्मा ने मुख्यमंत्री से लेकर संबंधित अधिकारियों तक सड़क निर्माण की शिकायत पहुंचाई है। इसके उलट कांग्रेस नेताओं और क्षेत्रीय विधायकों ने करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क को लेकर अब तक कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने सवाल किया कि जब सड़क निर्माण में गड़बड़ी का मुद्दा सामने आ रहा था, तब कांग्रेस इतने दिनों तक चुप क्यों रही?

‘पुतला जलाकर अपनी सांठगांठ छिपाने की कोशिश’

याददास साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भरत वर्मा का पुतला जलाकर सड़क निर्माण कंपनी के साथ अपनी कथित सांठगांठ छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भरत वर्मा ने निष्पक्ष तरीके से मैदान में उतरकर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और गुणवत्ता से जुड़े सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि पार्टी वास्तव में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर थी तो निर्माण कार्य शुरू होने के समय ही आवाज क्यों नहीं उठाई गई? कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य पर पहले सवाल क्यों नहीं किए?

सरकारी धन की बर्बादी नहीं होने देंगे : साहू

भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता का पैसा अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत से बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो उसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी, चाहे इसके लिए कितना भी विरोध क्यों न झेलना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *