संसद की बैठक फिर बुलाएगी केंद्र सरकार, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही

Spread the love

केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा का सत्र बुलाया है। सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दी। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से आग्रह किया है कि लोकसभा की बैठक सोमवार (30 नवंबर 2026) को और राज्यसभा की बैठक बुधवार (2 दिसंबर 2026) को फिर से बुलाई जाए। इसका उद्देश्य सदनों में जरूरी सरकारी कामकाज को निपटाना है। पीएम मोदी ने पहले संसद सत्र को लेकर एनडीए सांसदों को दिल्ली में रहने का आदेश दिया था।

3 दिसंबर तक समाप्त हो जाएगी कार्यवाही

केंद्र सरकार की ओर से किए गए अनुरोध के मुताबिक, कामकाज की आवश्यकताओं को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार (3 दिसंबर 2026) को समाप्त हो सकती है। इसके तहत लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें निर्धारित तारीखों पर दोबारा शुरू होंगी। इस सत्र में आवश्यक विधायी एवं सरकारी कामकाज पूरा किया जाएगा।

लाया जा सकता है परिसीमन बिल

सूत्रों के अनुसार बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण से जुड़े अपने विधायी पैकेज को आगे बढ़ाने की नई कोशिश कर सकती है। इस पैकेज का मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना और साथ ही परिसीमन ढांचे में बदलाव करना है।

ये भी पढ़े :संविधान दिवस पर रायपुर में आपराधिक न्याय प्रणाली पर मंथन, विजय शर्मा बोले- तकनीक से मजबूत होगी व्यवस्था

2023 में पारित हो गया था महिला आरक्षण कानून

सरकार के प्रस्तावित परिसीमन कानून में पहले लोकसभा की सदस्य संख्या को काफी बढ़ाने की योजना थी। साथ ही इसमें महिला आरक्षण कानून को लागू करने का ढांचा भी शामिल था। महिला आरक्षण कानून 2023 में पारित हो गया था, लेकिन इसे लागू करने की शर्त भविष्य में होने वाली जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ दी गई है।

13 अगस्त को अनिश्चित कालीन के लिए स्थगित हुआ था मानसून सत्र

सरकार का संसद का सत्र फिर से बुलाने का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद से मानसून सत्र 100 दिनों से भी अधिक समय तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था। इस लंबे और असामान्य अंतराल को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे थे कि सरकार परिसीमन पैकेज पर काम करने के लिए बहुत कम समय के नोटिस पर सदन की बैठक फिर से बुला सकती है। ऐसे में अब दोनों सदनों की ये बैठक फिर से शुरू होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *